नक्सलवाद से मुक्त छत्तीसगढ़ अब शांति और विकास की नई राह पर : सीएम साय

स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां; ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान की घोषणा, 6,671 स्कूलों में बनेंगे बेटियों के शौचालय

रायपुर, 15 अगस्त। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर राजधानी के पुलिस परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद से मुक्त छत्तीसगढ़ अब शांति, विकास और समृद्धि की नई यात्रा पर आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत के संकल्प में विकसित छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों और शहीदों को नमन करते हुए कहा कि बस्तर अब हिंसा और भय से निकलकर शांति, विश्वास और विकास की नई सुबह देख रहा है। बस्तर के नवनिर्माण का यह स्वर्णिम समय है और सरकार का लक्ष्य विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

बस्तर में विकास की नई रफ्तार
सीएम ने कहा कि ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुन्ने अभियान’ के जरिए 31 योजनाओं और 14 सामुदायिक सुविधाओं का लाभ बस्तर के 39 लाख से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। बंद स्कूलों को फिर शुरू करने के साथ 36 नए स्कूल स्वीकृत हुए हैं। ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही है।
‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ में 34 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है। करीब 10 लाख परिवारों की आय बढ़ाने के लिए 4,824 करोड़ रुपए की आजीविका उन्नयन योजना तैयार की गई है। सौर ऊर्जा से जुड़े 461 गांवों को ग्रिड बिजली से जोड़ने और 234 अंदरूनी बसाहटों को मुख्य सड़कों से जोड़ने का काम जारी है।
किसानों की समृद्धि पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों से 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान खरीदा जा रहा है। फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए धान के स्थान पर दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी और रागी जैसी फसल लेने पर 15 हजार रुपए की आदान सहायता देने का निर्णय लिया गया है।
सिंचाई विस्तार के लिए 11 हजार करोड़ रुपए से अधिक की मंजूरी दी गई है। सिकासार-कोडार नहर लिंकिंग परियोजना के लिए 3,047 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।
24.50 लाख आवास स्वीकृत
‘मोदी की गारंटी’ के तहत प्रदेश में अब तक 24 लाख 50 हजार आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में रोजाना औसतन 1,600 घर बनाए जा रहे हैं। 73 लाख परिवारों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना के जरिए मुफ्त खाद्यान्न दिया जा रहा है।
महिलाओं और युवाओं के लिए बड़े फैसले
महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 19,444 करोड़ रुपए महिलाओं के खातों में ट्रांसफर किए गए हैं। प्रदेश में 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
युवाओं के लिए पुलिस में 7 हजार भर्तियां की गई हैं। शिक्षक एवं सहायक शिक्षक के 3,946 तथा बिजली कंपनियों में 1,235 पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। अग्निवीरों को पुलिस आरक्षक, वनरक्षक और जेल प्रहरी की सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लिया गया है।
500 करोड़ का AI मिशन
सीएम ने बताया कि राज्य में 500 करोड़ रुपए का छत्तीसगढ़ राज्य AI मिशन शुरू किया जा रहा है। इसके तहत 100 AI डेटा लैब, पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 50 से अधिक AI आधारित सेवाएं विकसित की जाएंगी। छह लाख विद्यार्थियों और 1.5 लाख सरकारी कर्मचारियों को AI का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य है।
स्टार्टअप के लिए 100 करोड़ रुपए का फंड बनाया गया है। पांच नए मेडिकल कॉलेज इसी सत्र से शुरू किए जा रहे हैं।
8.23 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव
नई औद्योगिक नीति के तहत इन्वेस्टर कनेक्ट से 8 लाख 23 हजार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इससे करीब 1 लाख 74 हजार रोजगार के अवसर बनने की संभावना है। राज्य में 23 नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जा रहे हैं। रायपुर-नवा रायपुर-दुर्ग-भिलाई को मिलाकर स्टेट कैपिटल रीजन बनाया गया है।
सड़क, रेल और डिजिटल कनेक्टिविटी पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि ऊर्जा क्षेत्र में 3.50 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। 90 हजार से अधिक उपभोक्ता प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ ले रहे हैं। दूरस्थ क्षेत्रों में 829 मोबाइल टावर लगाए गए हैं और भारतनेट 3.0 के तहत 5,659 ग्राम पंचायतों को हाईस्पीड इंटरनेट से जोड़ने का लक्ष्य है।
6,671 स्कूलों में बेटियों के लिए शौचालय
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस पर ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत प्रदेश के 6,671 शासकीय विद्यालयों में बेटियों के लिए शौचालय बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बेटियों की गरिमा और सुरक्षित शिक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
सुशासन और साइबर सुरक्षा पर फोकस
सीएम ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन 1076 से 80 हजार से अधिक शिकायतों का निराकरण किया गया है। सेवा सेतु पोर्टल के जरिए 700 से अधिक सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। साइबर अपराध से निपटने के लिए राज्य में नौ नए साइबर पुलिस थाने बनाए गए हैं और डायल-112 सेवा पूरे प्रदेश में लागू की गई है।
पर्यटन और संस्कृति को वैश्विक पहचान
बस्तर और सरगुजा में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए मुख्यमंत्री पर्यटन मिशन पर काम होगा। चित्रकोट को ग्लोबल टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित कर टेंट सिटी बनाई जाएगी। सिरपुर को विश्व धरोहर स्थल के मानकों के अनुरूप विकसित करने की योजना है।
लोककला के संरक्षण के लिए ‘डॉ. तीजन बाई लोककला अलंकरण’ शुरू किया जाएगा। छत्तीसगढ़ी सिनेमा के विकास के लिए ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ बनाने का निर्णय लिया गया है।
सात करोड़ से अधिक पौधे लगाए
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत प्रदेश में अब तक सात करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए हैं। विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी सरकार प्राथमिकता दे रही है।
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ सभी का सामूहिक लक्ष्य है। उन्होंने प्रदेशवासियों से एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया और कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ की भावना से विकसित छत्तीसगढ़ के माध्यम से विकसित भारत का संकल्प साकार किया जाएगा।


