स्कूली बच्चों की देशभक्ति प्रस्तुतियों से गूंजा पुलिस परेड ग्राउंड

राज्य स्तरीय समारोह में 843 विद्यार्थियों ने दिखाई छत्तीसगढ़ की लोककला और संस्कृति की झलक, सरगुजा संभाग प्रथम
रायपुर, 15 अगस्त। राजधानी के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। करीब 843 विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति और देशभक्ति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।

सांस्कृतिक स्पर्धा में उत्तर क्षेत्र सरगुजा संभाग प्रथम, पश्चिम क्षेत्र दुर्ग संभाग द्वितीय और मध्य क्षेत्र रायपुर संभाग तृतीय स्थान पर रहा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विजेता विद्यार्थियों को शील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया।

सरगुजा के 286 बच्चों ने बांधा समां
सरगुजा संभाग के 286 विद्यार्थियों ने ‘वंदे मातरम्, जय हिंद हम सबका अभिमान…’ जैसे रिमिक्स गीत पर प्रस्तुति दी। नृत्य और गीत के जरिए विद्यार्थियों ने ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, मातृभूमि के प्रति प्रेम और युवा शक्ति के दम पर आगे बढ़ते भारत की तस्वीर को आकर्षक अंदाज में पेश किया।
दुर्ग के 277 विद्यार्थियों की प्रस्तुति
दुर्ग संभाग के 277 विद्यार्थियों ने ‘सजता, संवरता, निखरता ये देश…’ गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। प्रस्तुति में देश के विभिन्न अवसरों और सांस्कृतिक परंपराओं में होने वाले नृत्यों की झलक दिखाई गई। विद्यार्थियों ने कदमों की लय और ऊर्जा के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
रायपुर के 280 बच्चों ने दिखाया सैनिकों का शौर्य
रायपुर संभाग के 280 विद्यार्थियों ने ‘संकल्प बोल के हम तो निकल पड़े…’ फ्यूजन गीत पर प्रस्तुति दी। इसमें विद्यार्थियों ने भारतीय सैनिकों के शौर्य, त्याग और बलिदान की गाथा को नृत्य के माध्यम से जीवंत किया।
तीनों संभागों की प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद दर्शकों का खूब उत्साह बढ़ाया और स्वतंत्रता दिवस के माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

