पुलिस परेड ग्राउंड में शान से लहराया तिरंगा, सीएम साय ने ली परेड की सलामी

17 प्लाटूनों ने किया आकर्षक मार्च पास्ट, ITBP केंद्रीय बलों में और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल महिला दल राज्य बलों में रहा प्रथम

रायपुर, 15 अगस्त। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस का 80वां पर्व हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने प्रदेशवासियों के नाम अपना संदेश पढ़ा।
समारोह में 17 प्लाटूनों ने भव्य मार्च पास्ट किया। भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी विमल कुमार पाठक के नेतृत्व में हुई परेड में पहली बार आमंत्रित वर्ग में बिहार पुलिस की टुकड़ी भी शामिल हुई। परेड टू-आई-सी निशांत गौरव कुर्रे रहे।
केंद्रीय बलों में ITBP अव्वल
परेड में BSF, CRPF, ITBP, CISF, SSB, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, छत्तीसगढ़ पुलिस, जेल पुलिस, नगर सेना, NCC, बैंड प्लाटून, घुड़सवार दल और डॉग स्क्वॉड ने हिस्सा लिया। महिला बैगपाइपर बैंड की प्रस्तुति ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा।
केंद्रीय बलों की श्रेणी में ITBP ने पहला स्थान हासिल किया। विजेता दल को 5 हजार रुपए और ट्रॉफी दी गई। BSF दूसरे और CRPF तीसरे स्थान पर रहा। दोनों दलों को क्रमश: 3 हजार और 2 हजार रुपए के साथ ट्रॉफी प्रदान की गई।
राज्य बलों में CAF महिला दल प्रथम
राज्य बलों की श्रेणी में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल महिला दल प्रथम रहा। विजेता दल को 5 हजार रुपए और ट्रॉफी मिली। जेल पुलिस को दूसरा और छत्तीसगढ़ सशस्त्र पुलिस बल पुरुष दल को तीसरा स्थान मिला। दोनों दलों को क्रमश: 3 हजार और 2 हजार रुपए तथा ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
NCC गर्ल्स ने मारी बाजी
NCC वर्ग में NCC गर्ल्स दल प्रथम और NCC बॉयज दल दूसरे स्थान पर रहा। मुख्यमंत्री ने दोनों दलों के कमांडरों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
समारोह में परेड-टू-आई-सी निशांत गौरव कुर्रे, परेड कमांडर विमल कुमार पाठक, महिला बैगपाइपर दल की कमांडर सोनबती ठाकुर, घुड़सवार दल के कमांडर अनिल यादव और श्वान दल के कमांडर राज कपूर सहित परेड प्रस्तुति में सहयोग करने वाले डॉ. अनुराधा दुबे और मनीष परमानंद को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।



