स्वतंत्रता संग्राम के वीरों की गाथा नई पीढ़ी तक पहुंचाना हमारा दायित्व : सीएम साय

टाउन हॉल में सात दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ, ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के लिए 50-50 लाख रुपए की घोषणा

रायपुर, 15 अगस्त। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वतंत्रता दिवस पर राजधानी के ऐतिहासिक टाउन हॉल में जनसंपर्क विभाग की सात दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम, वीर सेनानियों के बलिदान, ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की यात्रा और राज्य की विकास गाथा को प्रदर्शित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी में छत्तीसगढ़ के अनेक वीर सपूतों ने संघर्ष और बलिदान दिया। उनकी गौरवगाथा नई पीढ़ी तक पहुंचाना हमारा दायित्व है। ऐसी प्रदर्शनियां युवाओं को इतिहास से जोड़ने के साथ उनमें राष्ट्रप्रेम और कर्तव्यबोध की भावना मजबूत करती हैं।
टाउन हॉल और शहीद स्मारक के लिए 50-50 लाख
सीएम साय ने राजधानी के ऐतिहासिक टाउन हॉल और शहीद स्मारक के संरक्षण, सौंदर्यीकरण और नवीनीकरण के लिए 50-50 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार ‘विरासत से विकास तक’ की सोच के साथ आगे बढ़ रही है। आधुनिक विकास के साथ ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों की गरिमा बनाए रखना भी जरूरी है।
वंदे मातरम् की 150 साल की यात्रा प्रदर्शित
प्रदर्शनी में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को विशेष स्थान दिया गया है। इसके अलावा महात्मा गांधी के छत्तीसगढ़ प्रवास, स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, दुर्लभ छायाचित्रों और ऐतिहासिक दस्तावेजों को भी प्रदर्शित किया गया है।
योजनाओं से बदली जिंदगी की झलक
प्रदर्शनी में महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित महिलाओं, किसानों, युवाओं और श्रमिकों के लिए संचालित योजनाओं से आए बदलाव को तस्वीरों और सूचनात्मक सामग्री के जरिए दिखाया गया है। डिजिटल पंजीयन, सुशासन तिहार, सड़क-रेल कनेक्टिविटी, औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसरों की झलक भी प्रदर्शनी में है।
एआई से विरासत और पर्यटन का अनुभव
प्रदर्शनी में एआई तकनीक के जरिए छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों की पृष्ठभूमि के साथ डिजिटल तस्वीर तैयार करने की सुविधा भी आकर्षण का केंद्र बनी है। बच्चों और युवाओं में इसे लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। विजिटर डायरी और विकास यात्रा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शनी का हिस्सा हैं।
मुख्यमंत्री ने विजिटर बुक में विचार दर्ज करते हुए प्रदर्शनी की सराहना की और युवाओं व विद्यार्थियों से इसे देखने की अपील की।
15 से 21 अगस्त तक प्रदर्शनी: कचहरी चौक स्थित टाउन हॉल में प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 10.30 बजे से रात 8 बजे तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास, विधायक पुरंदर मिश्रा, जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल, कलेक्टर गौरव सिंह सहित जनसंपर्क विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

