छात्रावास पहुंचे डिप्टी सीएम विजय शर्मा, बोले- लक्ष्य तय कर पूरी लगन से करें मेहनत


पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर और प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें उपलब्ध कराने की घोषणा
कवर्धा। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा शुक्रवार शाम कवर्धा के पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जनजाति बालक छात्रावास पहुंचे। उन्होंने छात्रावासी बच्चों के साथ बैठकर पढ़ाई, करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों को लेकर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक छात्र से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी जरूरतों और समस्याओं की जानकारी ली।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पोस्ट मैट्रिक के छात्र स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर अपने करियर निर्माण की दिशा में आगे बढ़ते हैं। छात्रों की सुविधा को देखते हुए उन्होंने छात्रावास में स्मार्ट क्लासरूम शुरू करने की घोषणा की। स्मार्ट क्लास में प्रतियोगी परीक्षाओं के सिलेबस के अनुरूप अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के साथ ऑनलाइन कक्षाओं से जोड़ने की सुविधा भी रहेगी।
लाइब्रेरी में कंप्यूटर और प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें
छात्रों की मांग पर उप मुख्यमंत्री ने छात्रावास की लाइब्रेरी में इंटरनेट सुविधा युक्त कंप्यूटर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। छात्रों ने बताया कि छात्रावास में 11वीं-12वीं के विद्यार्थियों के साथ स्नातक स्तर के विद्यार्थी भी रहते हैं और वे NEET, JEE, लॉ, SSC, व्यापमं और PSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
इस पर उप मुख्यमंत्री ने छात्रों से उनकी जरूरत के अनुसार किताबों और मासिक पत्रिकाओं के बारे में जानकारी ली तथा अधिकारियों को लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित आवश्यक पुस्तकें, अध्ययन सामग्री और मासिक पत्रिकाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बोले- परिणाम की चिंता न करें, प्रयास में कमी नहीं होनी चाहिए
विजय शर्मा ने छात्रों से कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए पूरी लगन और समर्पण के साथ मेहनत करनी चाहिए। परिणाम की चिंता में समय व्यर्थ नहीं करना चाहिए और अपने प्रयासों में किसी तरह की कमी नहीं रखनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पूरे समर्पण के साथ किया गया प्रयास सफलता की दिशा में जरूर ले जाता है। यदि कभी असफलता मिलती भी है तो उससे निराश होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि किसी लक्ष्य को पाने के लिए किया गया प्रयास जीवन में किसी न किसी रूप में जरूर काम आता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय तकनीक का है। तकनीक आधारित तैयारी से समय की बचत होती है और पढ़ाई को बेहतर तरीके से व्यवस्थित किया जा सकता है।
छात्र ने आंख की समस्या बताई, रायपुर में इलाज कराने के निर्देश
छात्रों से चर्चा के दौरान एक विद्यार्थी ने अपनी आंख में समस्या होने की जानकारी दी। उप मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए कहा कि छात्र का रायपुर के अच्छे अस्पताल में उपचार कराया जाएगा। उन्होंने इसके लिए आवश्यक समन्वय करने के निर्देश सहायक आयुक्त को दिए।
छात्रों को पेन दिए, बारिश को देखते हुए छाते की व्यवस्था के निर्देश
उप मुख्यमंत्री ने छात्रों को अच्छे से पढ़ाई करने की शुभकामनाएं देते हुए उपहार स्वरूप पेन दिए। बारिश के मौसम को देखते हुए उन्होंने छात्रावास में रहने वाले बच्चों के लिए छाते उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान उन्होंने छात्रावास का निरीक्षण कर छात्रों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया और उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
इस अवसर पर पार्षद बिहारी धुर्वे, मनीराम साहू, चंदन पटेल, ईश्वरी धुर्वे, मनीराम छेदावी, सहायक आयुक्त लक्ष्मी पटेल सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

