छत्तीसगढ़ में 7 से 17 अगस्त तक देशभक्ति कार्यक्रमों की धूम
9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’, 7 से 15 अगस्त तक ‘वंदे मातरम्’ गायन; तिरंगा यात्रा, रैली, मैराथन और देशभक्ति कॉन्सर्ट होंगे
रायपुर | 7 अगस्त 2026
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में इस बार ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ अभियान को बड़े स्तर पर मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संस्कृति विभाग द्वारा 7 से 17 अगस्त तक प्रदेशभर में विभिन्न देशभक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान में आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा।
देशभर में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलेगा। वहीं छत्तीसगढ़ में 7 से 15 अगस्त तक ‘वंदे मातरम्’ गायन और सांस्कृतिक गतिविधियां होंगी। 15 अगस्त को ध्वजारोहण के बाद प्रदेशभर में सामूहिक राष्ट्रगान और ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया जाएगा।
तिरंगा यात्रा से लेकर मैराथन तक
अभियान के तहत जिला मुख्यालयों, विकासखंडों, ग्राम पंचायतों और शैक्षणिक संस्थानों में तिरंगा यात्राएं, बाइक-कार रैलियां, मशाल रैलियां और तिरंगा मैराथन आयोजित होंगी। इनमें जनप्रतिनिधियों के साथ स्व-सहायता समूह, पुलिस, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड और आम नागरिक शामिल होंगे।
तिरंगे के साथ सेल्फी, देशभक्ति कॉन्सर्ट भी
नागरिक घर पर फहराए गए तिरंगे के साथ ‘तिरंगा सेल्फी’ लेकर उसे ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा कैनवास, तिरंगा मेले और देशभक्ति कॉन्सर्ट होंगे। इन आयोजनों के जरिए स्थानीय स्वदेशी उत्पादों और कारीगरों को भी प्रोत्साहन दिया जाएगा।
प्रदेश में ऑडियो-वीडियो बूथ भी बनाए जाएंगे। यहां नागरिक ‘वंदे मातरम्’ गाकर अपनी रिकॉर्डिंग कर सकेंगे और उसे अपलोड कर सकेंगे।
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस
14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस’ मनाया जाएगा। इस दौरान भारत विभाजन की त्रासदी और स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों को याद करने के लिए विशेष प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। सार्वजनिक स्थानों पर राज्य पुलिस बैंड देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां भी देगा।
‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष को समर्पित आयोजन
इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के स्मरणोत्सव से जोड़ा गया है। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस के आयोजनों के जरिए प्रदेश में राष्ट्रप्रेम, एकता और जनभागीदारी का संदेश देने की तैयारी है।

