रायगढ़ में 600 करोड़ की रिंग रोड, 10 ऑक्सीजोन की तैयारी

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा- शिक्षा-स्वास्थ्य से लेकर शहर की सुविधाओं तक हर क्षेत्र में हो रहा विस्तार; पंजरी प्लांट में 33 लाख के कामों का भूमिपूजन

रायगढ़ । रायगढ़ शहर में नागरिक सुविधाओं और अधोसंरचना के विस्तार को लेकर राज्य सरकार ने विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ा दी है। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने शुक्रवार को नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में रायगढ़ को आधुनिक, सुविधायुक्त और व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
पंजरी प्लांट में 33 लाख के कामों का भूमिपूजन
वार्ड क्रमांक 28 पंजरी प्लांट में मंत्री ने 33 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन और शासकीय स्कूल में बाउंड्रीवाल निर्माण का भूमिपूजन किया। वहीं वार्ड क्रमांक 9 नवागढ़ी में 8 लाख रुपए की लागत से निर्मित शेड का लोकार्पण किया।
मंत्री ने कहा कि विकास का उद्देश्य केवल बड़े निर्माण कार्य करना नहीं, बल्कि ऐसी सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिनका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिले।
शहर में 10 ऑक्सीजोन बनाने की तैयारी
ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ में आने वाले वर्षों में 10 ऑक्सीजोन विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा। इससे शहर में हरित क्षेत्र बढ़ेगा और लोगों को स्वच्छ वातावरण मिलेगा। उन्होंने पंजरी प्लांट में उपभोक्ता फोरम के पास ऑक्सीजोन और ओपन जिम विकसित करने की घोषणा भी की।
600 करोड़ की रिंग रोड से यातायात होगा बेहतर
मंत्री ने बताया कि रायगढ़ में करीब 600 करोड़ रुपए की लागत से रिंग रोड निर्माण की दिशा में काम चल रहा है। इससे शहर में बढ़ते यातायात के दबाव को कम करने और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप अधोसंरचना विकसित करने में मदद मिलेगी।
नालंदा परिसर और नए कॉलेजों पर भी जोर
रायगढ़ में विद्यार्थियों के लिए नालंदा परिसर का निर्माण कराया जा रहा है। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा नर्सिंग कॉलेज और फिजियोथेरेपी कॉलेज खोलने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि रायगढ़ में प्रयास विद्यालय पहले से संचालित है। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में संस्थागत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, ताकि जिले के लोगों को बेहतर सुविधाओं के लिए दूसरे शहरों की ओर न जाना पड़े।
पौधारोपण कर दिया हरित रायगढ़ का संदेश
पंजरी प्लांट में वित्त मंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हरित रायगढ़ के निर्माण में जनभागीदारी महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, सुरेश गोयल, पावन अग्रवाल, आशीष ताम्रकार सहित पार्षद, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



