छत पर सोलर पैनल लगवाया, घट गया बिजली बिल: सूर्य घर योजना से परिवारों को हर महीने बचत, स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा

पीएम सूर्य घर योजना से घर-घर पहुंच रही सौर ऊर्जा; जशपुर के संदीप गुप्ता बोले- बिजली खर्च कम होने से परिवार के बजट को मिली राहत
रायपुर। प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना अब प्रदेश के परिवारों के लिए बिजली खर्च घटाने के साथ आर्थिक बचत का जरिया बन रही है। योजना के तहत घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं। इससे परिवार अपनी घरेलू बिजली जरूरतों को सौर ऊर्जा से पूरा कर रहे हैं और बिजली बिल में कमी का लाभ उठा रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विद्युत विभाग द्वारा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। लोगों को योजना के लाभ, आवेदन प्रक्रिया और सौर ऊर्जा के उपयोग की जानकारी देकर अधिक से अधिक परिवारों को रूफटॉप सोलर से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
सूरज की रोशनी से बिजली, अतिरिक्त बिजली ग्रिड में
रूफटॉप सोलर पैनल सूर्य के प्रकाश से बिजली का उत्पादन करते हैं। घर की जरूरत पूरी होने के बाद अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजी जा सकती है। इससे उपभोक्ताओं के बिजली खर्च में कमी आती है। योजना से जहां परिवारों को आर्थिक राहत मिल रही है, वहीं स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलने से पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान हो रहा है।
जशपुर के संदीप बोले- बिल कम हुआ, हर महीने हो रही बचत
जशपुर जिले के कुनकुरी निवासी संदीप कुमार गुप्ता ने योजना को अपने परिवार के लिए लाभकारी बताया। उन्होंने बताया कि पहले उनके घर का बिजली बिल अपेक्षाकृत अधिक आता था। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत घर में सोलर पैनल लगवाने के बाद बिजली की नियमित खपत के बावजूद बिल में काफी कमी आई है।
संदीप गुप्ता ने कहा कि सौर ऊर्जा के उपयोग से हर महीने अच्छी बचत हो रही है, जिसका सीधा असर परिवार के बजट पर पड़ा है। उन्होंने योजना को आम नागरिकों के लिए राहत देने वाली पहल बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया।
बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण
संदीप गुप्ता ने प्रदेशवासियों से अपने घरों में सौर ऊर्जा अपनाने और प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक परिवार सौर ऊर्जा से जुड़ेंगे तो बिजली खर्च में बचत के साथ स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।



