किसान मोर्चा 12 अगस्त को निकालेगा ट्रैक्टर, बैलगाड़ी और गेड़ी तिरंगा यात्रा

30 एवं 31 अगस्त को किसान मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक होगी
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा आगामी 12 अगस्त को प्रदेश के सभी जिलों में ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा, बैलगाड़ी तिरंगा यात्रा एवं पारम्परिक गेड़ी तिरंगा यात्रा निकालेगा। इसे लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय (कुशाभाऊ ठाकरे परिसर) में किसान मोर्चा की प्रदेशस्तरीय समीक्षा बैठक शुक्रवार को हुई। बैठक में आगामी 30-31 अगस्त को प्रस्तावित किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक की तैयारियों पर भी चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए नियमित प्रवास अनिवार्य है। श्री साय ने सभी जिला एवं संभाग प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे जिलों, मंडलों एवं शक्ति केंद्रों का नियमित प्रवास करें। प्रवास संगठन का प्राण तत्व है। हर महीने कम से कम 5 से 6 बार प्रवास करने से कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ता है और संगठन को मैदानी स्तर पर मजबूती मिलती है।



