G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

जल जीवन मिशन में लापरवाही पर सख्त हुए कलेक्टर: ठेकेदारों पर कार्रवाई के निर्देश,

मौसमी बीमारियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

कवर्धा। कबीरधाम जिले में जल जीवन मिशन के कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर अब प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर नाराजगी जताई और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के कार्यपालन अभियंता (ईई) को नियमों के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि जल जीवन मिशन सीधे आम जनता की सुविधा से जुड़ा हुआ है। बार-बार समझाइश देने के बावजूद जिन ठेकेदारों द्वारा कार्यों में तेजी नहीं लाई जा रही है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मलेरिया और जलजनित बीमारियों को लेकर अलर्ट

बैठक में कलेक्टर ने बारिश के मौसम में जलजनित एवं मौसमी बीमारियों के बढ़ते खतरे पर चिंता जताई। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जहां मलेरिया के मामले सामने आए हैं, उन स्थानों को चिन्हित कर लगातार स्वास्थ्य निगरानी की जाए।

उन्होंने कहा कि जलभराव की स्थिति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। नगरीय निकायों को नियमित साफ-सफाई, नालियों की सफाई और फॉगिंग कराने के निर्देश भी दिए गए। स्वास्थ्य अमले को हर स्थिति के लिए सतर्क रहने को कहा गया।

स्कूली बच्चों के जल्द बनें जाति और निवास प्रमाण पत्र

कलेक्टर ने बैठक में स्कूली विद्यार्थियों के जाति एवं निवास प्रमाण पत्र निर्माण की भी समीक्षा की। उन्होंने शिक्षा विभाग और राजस्व विभाग को समन्वय बनाकर शेष विद्यार्थियों के प्रमाण पत्र जल्द तैयार कर वितरित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को आगे की शैक्षणिक एवं शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

पीएम आवास और जनमन योजना की भी हुई समीक्षा

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, जनमन योजना तथा विभिन्न निर्माण एजेंसियों द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों से लंबित कार्यों में तेजी लाने और समय-सीमा के भीतर उन्हें पूरा करने के निर्देश दिए।

आश्रम-छात्रावासों में बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच के निर्देश

कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने बारिश के मौसम को देखते हुए आश्रम, छात्रावास एवं अन्य आवासीय संस्थाओं में रहने वाले बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने सहायक आयुक्त एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, बच्चों के खान-पान की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।

10 अगस्त से शुरू होगा कृमि मुक्ति अभियान

बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में 10 अगस्त से राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान के तहत लगभग 4 लाख बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाई जाएगी। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग, स्कूल शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, उच्च शिक्षा तथा पंचायत विभाग को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने बच्चों को विटामिन एवं आयरन-फोलिक एसिड की दवाओं का वितरण भी विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश

बैठक के दौरान कलेक्टर ने आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने मुख्य समारोह स्थल पर बैठक व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा, बैरिकेडिंग, टेंट, माइक, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई और सजावट सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किया जाए।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर नरेंद्र पैकरा, सभी एसडीएम, तहसीलदार तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page