दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की आईटी पहल से यात्री सेवाएं हुईं और अधिक डिजिटल एवं सुगम

डिजिटल टिकटिंग और कैशलेस भुगतान को बढ़ावा, यात्रियों को मिल रही तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवाएं

रायपुर, 3 अगस्त। भारतीय रेल के डिजिटल परिवर्तन अभियान और केंद्र सरकार के डिजिटल इंडिया मिशन के अनुरूप दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यात्री सेवाओं को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) आधारित व्यवस्थाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। डिजिटल टिकटिंग, कैशलेस भुगतान और ऑनलाइन सेवाओं के माध्यम से रेल यात्रा को अब अधिक सरल, सुरक्षित और सहज बनाया जा रहा है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के 56 स्टेशनों पर 120 ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) तथा 12 स्टेशनों पर 26 मोबाइल यूटीएस (एम-यूटीएस) प्रणाली संचालित की जा रही है। डिजिटल टिकटिंग के क्षेत्र में एटीवीएम यात्रियों के बीच सबसे लोकप्रिय माध्यम बनकर उभरा है, जिसके जरिए कुल डिजिटल टिकटों का 37.07 प्रतिशत टिकट जारी किए जा रहे हैं।

यात्रियों को नजदीक ही टिकट सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेलवे द्वारा 19 यात्री टिकट सुविधा केंद्र (वाईटीएसके) और 4 जन टिकट बुकिंग सेवक (जेटीबीएस) केंद्र भी संचालित किए जा रहे हैं।
डिजिटल भुगतान में लगातार बढ़ोतरी
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में डिजिटल भुगतान को भी तेजी से बढ़ावा मिल रहा है। पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (पीआरएस) के माध्यम से डिजिटल भुगतान का प्रतिशत वर्ष 2021-22 में 1.58 प्रतिशत था, जो जुलाई 2026 तक बढ़कर 41.61 प्रतिशत हो गया है।
इसी तरह एटीवीएम से 19.67 प्रतिशत, यूटीएस से 11.34 प्रतिशत और स्टेशन टिकट बुकिंग एजेंट (एसटीबीए) के माध्यम से 10.49 प्रतिशत भुगतान डिजिटल माध्यमों से किया जा रहा है। इससे स्पष्ट है कि यात्री यूपीआई, क्यूआर कोड सहित अन्य डिजिटल भुगतान विकल्पों को तेजी से अपना रहे हैं।
बिलासपुर आरक्षण कार्यालय में पेपरलेस टोकन सिस्टम शुरू
तत्काल टिकट बुकिंग प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 25 जुलाई 2026 से बिलासपुर आरक्षण कार्यालय में सेल्फ-डिस्पेंसिंग पेपरलेस टोकन सिस्टम शुरू किया है। इस व्यवस्था से टोकन वितरण प्रक्रिया आसान हुई है, भीड़ नियंत्रण में मदद मिली है और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल रही है।
रेलवन ऐप से एक प्लेटफॉर्म पर मिल रही सेवाएं
भारतीय रेल द्वारा विकसित रेलवन ऐप भी यात्रियों के बीच लोकप्रिय हो रहा है। इस एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से टिकट बुकिंग, ट्रेन संबंधी जानकारी और रेल मदद जैसी विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने कहा है कि भविष्य में भी डिजिटल टिकटिंग, कैशलेस भुगतान और आईटी आधारित यात्री सेवाओं का विस्तार जारी रहेगा, ताकि यात्रियों को तेज, पारदर्शी, सुरक्षित और विश्वस्तरीय रेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

