मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से दूर हुई राशन कार्ड की त्रुटि, देवेंद्र दिनकर को मिलने लगा नियमित राशन

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से दूर हुई राशन कार्ड की त्रुटि, देवेंद्र दिनकर को मिलने लगा नियमित राशन
रायपुर, 3 अगस्त। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम भवतरा निवासी देवेंद्र दिनकर की राशन कार्ड संबंधी शिकायत का त्वरित निराकरण किया गया। राशन कार्ड में दर्ज त्रुटि दूर होने के बाद उन्हें अब सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत नियमित रूप से राशन मिलने लगा है।
जानकारी के अनुसार राशन कार्ड में तकनीकी त्रुटि होने के कारण देवेंद्र दिनकर और उनके परिवार को शासकीय राशन का लाभ नहीं मिल पा रहा था। समस्या के समाधान के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत प्राप्त होने के बाद संबंधित विभाग ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की। परीक्षण के दौरान राशन कार्ड में दर्ज त्रुटि का नियमानुसार सुधार किया गया, जिसके बाद उनका राशन कार्ड पुनः सक्रिय हो गया और उन्हें नियमित रूप से खाद्यान्न मिलने लगा।
देवेंद्र दिनकर ने बताया कि राशन कार्ड में सुधार होने के बाद अब उनके परिवार को बिना किसी परेशानी के नियमित राशन मिलने के साथ-साथ अन्य पात्रतानुसार शासकीय योजनाओं का लाभ भी प्राप्त हो सकेगा।
उन्होंने शिकायत के त्वरित समाधान पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान का भरोसेमंद माध्यम बन चुकी है।

