ज्ञानेश्वरी की सफलता से राज्य के युवाओं को मिलेगी प्रेरणा : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

रायपुर, 3 अगस्त। ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारोत्तोलन में देश के लिए रजत पदक जीतने वाली राजनांदगांव की युवा खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव का सोमवार को उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में सम्मान किया। इस अवसर पर उनके माता-पिता दीपक यादव और दुर्गा यादव का भी सम्मान किया गया।

सम्मान समारोह के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव की उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ और देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि उनकी सफलता से राज्य में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बनेगा और युवा राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव जैसे आयोजनों के माध्यम से खिलाड़ियों को अवसर दिए जा रहे हैं। साथ ही खेल अलंकरण और उत्कृष्ट खिलाड़ियों के सम्मान की परंपरा भी फिर से शुरू की गई है। खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
पिता का सपना बना सफलता की प्रेरणा
रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव ने अपने संघर्षों को साझा करते हुए कहा कि विश्व चैंपियनशिप में पहली बार उतरते समय काफी दबाव महसूस हुआ था, लेकिन उसी अनुभव ने उन्हें बड़े मुकाबलों के लिए मानसिक रूप से मजबूत बनाया। अब हर प्रतियोगिता में उनका लक्ष्य अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना रहता है।
उन्होंने बताया कि उनके पिता दीपक यादव का सपना था कि उनकी बेटी भारत का प्रतिनिधित्व करे। शुरुआती दिनों में उनके पिता उन्हें साइकिल से जिम लेकर जाते थे और हर परिस्थिति में उनका हौसला बढ़ाते थे। परिवार की आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने प्रशिक्षण, खान-पान और अन्य जरूरतों का पूरा ध्यान रखा।
भावुक होते हुए ज्ञानेश्वरी ने कहा कि उनकी हर सफलता के पीछे उनके पिता का त्याग, संघर्ष और समर्पण है। उन्होंने कहा कि जीवन की कठिन परिस्थितियों ने उन्हें और मजबूत बनाया तथा बड़े मंच पर आत्मविश्वास के साथ देश का प्रतिनिधित्व करने का साहस दिया।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संयुक्त संचालक प्रभाकर पाण्डेय, उप संचालक रश्मि ठाकुर, भारोत्तोलन संघ के पदाधिकारी तथा विभिन्न खेलों के खिलाड़ी भी उपस्थित रहे।



