5 लाख मीट्रिक टन चावल के शीघ्र उठाव की पहल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मांगे अधिक रेलवे रैक

नई दिल्ली, 31 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ से 5 लाख मीट्रिक टन चावल के शीघ्र उठाव के लिए पर्याप्त रेलवे रैक उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे चावल के परिवहन में तेजी आएगी, गोदामों में नई फसल के भंडारण के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध होगा और किसानों से धान खरीदी की प्रक्रिया भी सुचारु रूप से संचालित हो सकेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए छत्तीसगढ़ को केंद्रीय पूल में 73 लाख टन चावल उपलब्ध कराने का लक्ष्य मिला है। इस लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए राज्य को प्रत्येक माह कम से कम 250 रेलवे रैक उपलब्ध कराना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि पर्याप्त रेलवे रैक मिलने से चावल का समयबद्ध परिवहन सुनिश्चित होगा और आगामी धान खरीदी के दौरान भंडारण संबंधी समस्याओं से भी राहत मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मुख्यमंत्री के अनुरोध पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह भी उपस्थित रहे।


