गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सरकार की प्राथमिकता, नगरी महाविद्यालय को मिली 50 लाख की सौगात

रायपुर, 31 जुलाई। राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मजबूत अधोसंरचना किसी भी राज्य और देश के विकास की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सुदूर ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों तक बेहतर उच्च शिक्षा सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मंत्री श्री वर्मा ने शुक्रवार को शासकीय सुखराम नागे महाविद्यालय, नगरी में 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने महाविद्यालय की वार्षिक साहित्यिक एवं शैक्षणिक पत्रिका ‘श्रेष्ठांश’ का विमोचन किया तथा परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि आधुनिक संसाधनों और बेहतर शैक्षणिक वातावरण से विद्यार्थियों को अध्ययन, शोध, सेमिनार और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम और नवाचार को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि निरंतर प्रयास और कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं है।
इस दौरान मंत्री श्री वर्मा ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाते हुए प्रत्येक व्यक्ति से एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण भावी पीढ़ियों के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने नगर पंचायत नगरी क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास भी किया। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद पंचायत नगरी अध्यक्ष, पूर्व विधायक पिंकी ध्रुव, महाविद्यालय परिवार, प्राध्यापक, प्रशासनिक अधिकारी, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



