धर्म नगरी रतनपुर में बाहरी राज्यों से आए लोगों का पुलिस सत्यापन एवं खंडोबा मंदिर-कलमिटार मार्ग पर बेजा कब्जे की जांच की मांग मर थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन – छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना
बिलासपुर, 30 जुलाई। छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना रतनपुर द्वारा थाना प्रभारी रतनपुर को ज्ञापन सौंपकर धर्म नगरी रतनपुर में बाहरी राज्यों से आकर निवास कर रहे लोगों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन (Police Verification), पहचान जांच तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की गई। साथ ही रतनपुर के खंडोबा मंदिर–कलमिटार मार्ग के आसपास दूसरे राज्यों से आए कुछ व्यक्तियों द्वारा कथित रूप से किए गए बेजा कब्जे की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग भी की गई।
ज्ञापन में कहा गया है कि हाल ही में जांजगीर चांपा जिले के अकलतरा औद्योगिक क्षेत्र में आईएसआई (ISI) से जुड़े एक संदिग्ध व्यक्ति की गिरफ्तारी जैसी घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं उत्पन्न की हैं। ऐसे मामलों को देखते हुए रतनपुर सहित पूरे क्षेत्र में बाहरी राज्यों से आए लोगों का सत्यापन और पहचान जांच समय की आवश्यकता है, ताकि कानून-व्यवस्था एवं राष्ट्रीय सुरक्षा मजबूत बनी रहे।
छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने आरोप लगाया कि रतनपुर क्षेत्र में बड़ी संख्या में बाहरी राज्यों से आए लोग निवास कर रहे हैं। विशेष रूप से खंडोबा मंदिर–कलमिटार मार्ग के आसपास कुछ व्यक्तियों द्वारा शासकीय अथवा सार्वजनिक भूमि पर कथित रूप से बेजा कब्जा कर निवास किए जाने की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इसलिए राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति की जांच कराई जाए तथा यदि किसी प्रकार का अवैध कब्जा पाया जाता है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधि अनुसार कार्रवाई की जाए।
सेना ने मांग की है कि रतनपुर थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर बाहरी राज्यों से आए सभी श्रमिकों, कर्मचारियों, ठेकेदारों एवं किरायेदारों का पुलिस सत्यापन कराया जाए। बिना पुलिस सत्यापन के निवास करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा मकान मालिकों एवं संस्थानों को भी किरायेदारों एवं कर्मचारियों का सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए जाएं।
छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने कहा कि यह मांग किसी विशेष राज्य या समुदाय के विरुद्ध नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा, जनहित, कानून-व्यवस्था एवं महामाया दाई के धार्मिक नगरी रतनपुर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। संगठन ने प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई कर आम जनता को सुरक्षा का विश्वास दिलाने की मांग की है।



