आरपीएफ दुर्ग की कार्रवाई: रेलवे टिकट दलाल गिरफ्तार, दो लाइव टिकट और मोबाइल से मिले साक्ष्य

आरपीएफ दुर्ग की कार्रवाई: रेलवे टिकट दलाल गिरफ्तार, दो लाइव टिकट और मोबाइल से मिले साक्ष्य
दुर्ग, 30 जुलाई 2026। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) दुर्ग ने टिकट दलाली के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से दो रेलवे आरक्षित टिकट, रिजर्वेशन फॉर्म तथा मोबाइल फोन से टिकट बुकिंग से जुड़े व्हाट्सएप चैट और टिकटों की प्रतियां बरामद हुई हैं।
महा निरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ बिलासपुर तथा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त रायपुर के निर्देश पर टिकट दलालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आरपीएफ थाना प्रभारी दुर्ग संजीव कुमार सिन्हा के निर्देशन में सहायक उपनिरीक्षक डी.के. सिंह एवं टीम द्वारा रेलवे आरक्षण केंद्र पर निगरानी रखी जा रही थी।
29 जुलाई 2026 को जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति के पास से दो आरक्षित रेलवे टिकट और रिजर्वेशन फॉर्म बरामद किए गए। मोबाइल फोन की जांच में व्हाट्सएप पर ग्राहकों के टिकट बनाने से संबंधित बातचीत और काउंटर टिकट की प्रतियां भी मिलीं।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह जरूरतमंद यात्रियों के लिए विभिन्न रेलवे काउंटरों से सामान्य और तत्काल टिकट बनवाकर अतिरिक्त कमीशन वसूलता था।
बरामद दो लाइव टिकटों की कुल कीमत 2,990 रुपये है। टिकटों को ब्लॉक कराने के लिए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, रायपुर को पत्र भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शकील खान (55 वर्ष), पिता समीउल्ला खान, निवासी वार्ड क्रमांक-10, शंकर नगर, इंदिरा चौक के पास, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है।
आरोपी के विरुद्ध आरपीएफ पोस्ट दुर्ग में अपराध क्रमांक 2751/26 के तहत रेलवे अधिनियम की धारा 143 में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
आरपीएफ दुर्ग ने बताया कि रेलवे टिकटों की अवैध दलाली रोकने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

