G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

उत्कृष्ट सेवाओं और प्रेरणादायी नेतृत्व को सम्मान, एएसपी पुष्पेंद्र बघेल व डीएसपी कृष्ण कुमार चंद्राकर को कबीरधाम पुलिस ने दी भावभीनी विदाई

कवर्धा, 30 जुलाई 2026। जिला कबीरधाम में पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल के रायगढ़ तथा डीएसपी कृष्ण कुमार चंद्राकर के रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पंडरी एसीपी पद पर स्थानांतरण के उपलक्ष्य में बुधवार को न्यू पुलिस लाइन सभागार में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र यादव (आईपीएस) सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों और बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी।

समारोह की शुरुआत पुष्पगुच्छ भेंट कर दोनों अधिकारियों के स्वागत और सम्मान से हुई। वक्ताओं ने उनके अनुशासित कार्यशैली, नेतृत्व क्षमता, कर्तव्यनिष्ठा और पुलिस विभाग के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

एएसपी पुष्पेंद्र बघेल ने अपने कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, संवेदनशील अवसरों, त्योहारों, चुनावों और वीआईपी दौरों के सफल प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में अपराध नियंत्रण, निवारक कार्रवाई और गंभीर मामलों के सफल निराकरण में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल हुईं।

वहीं डीएसपी कृष्ण कुमार चंद्राकर ने प्रभावी फील्ड पुलिसिंग, अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, अवैध शराब, मादक पदार्थ, जुआ-सट्टा और संगठित अपराधों के खिलाफ अभियान चलाकर जिले में पुलिस की सशक्त छवि स्थापित की। वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कई गंभीर मामलों का खुलासा भी उनके नेतृत्व में हुआ।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र यादव ने कहा कि दोनों अधिकारियों ने अपने समर्पण, ईमानदारी और उत्कृष्ट कार्यशैली से कबीरधाम पुलिस को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है तथा उनका योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल ने कहा कि पुष्पेंद्र बघेल का प्रशासनिक अनुभव और मार्गदर्शन तथा कृष्ण कुमार चंद्राकर का साहसिक नेतृत्व और प्रभावी पुलिसिंग विभाग के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

अपने संबोधन में एएसपी पुष्पेंद्र बघेल ने कबीरधाम पुलिस परिवार के सहयोग और विश्वास के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां बिताया गया समय उनके सेवा जीवन की अमूल्य स्मृतियों में हमेशा शामिल रहेगा। वहीं डीएसपी कृष्ण कुमार चंद्राकर ने कहा कि कबीरधाम में मिला सहयोग और स्नेह उनके लिए हमेशा अविस्मरणीय रहेगा तथा यह अनुभव उनके पूरे सेवा जीवन में प्रेरणा देता रहेगा।

समारोह के दौरान दोनों अधिकारियों को शॉल और स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए उनके नेतृत्व और कार्यशैली की सराहना की। कार्यक्रम के बाद सामूहिक रात्रि भोज का आयोजन हुआ, जिसमें पुलिस परिवार ने आत्मीय वातावरण में सहभागिता की।

समापन पर विभागीय परंपरा के अनुसार दोनों अधिकारियों को सम्मानपूर्वक उनके शासकीय वाहनों तक छोड़कर भावभीनी विदाई दी गई। उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके सफल, गौरवपूर्ण और यशस्वी भविष्य की मंगलकामनाएं दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page