सहकारिता क्षेत्र को और मजबूत बनाने पर जोर, केदार कश्यप ने ली उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

सहकारिता क्षेत्र को और मजबूत बनाने पर जोर, केदार कश्यप ने ली उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार और किसानों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के दिए निर्देश

रायपुर। प्रदेश में सहकारिता व्यवस्था को अधिक सशक्त और जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने मंगलवार को नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ अपैक्स बैंक एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के अध्यक्षों और वरिष्ठ अधिकारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली।
बैठक में सहकारी बैंकों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने, किसानों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
डिजिटल बैंकिंग के विस्तार पर विशेष जोर
बैठक में किसानों को पारदर्शी, सरल और आधुनिक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया। मंत्री केदार कश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सहकारी बैंकों की कार्यप्रणाली में सुधार लाते हुए उन्हें अधिक जवाबदेह और जनहितैषी बनाया जाए। साथ ही सहकारी संस्थाओं को मजबूत करने के लिए आवश्यक सुझावों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है सहकारिता
सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सहकारिता व्यवस्था ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, इसलिए इसे मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने सभी जिला सहकारी बैंकों के अध्यक्षों, पदाधिकारियों और अधिकारियों से बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से प्रदेश का सहकारिता क्षेत्र और अधिक सशक्त, पारदर्शी तथा जनहितैषी बनाया जा सकता है।




