G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

गुरु रविदास का समरसता संदेश विकसित भारत का आधार : जसविंदर बग्गा

भाजपा ने गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर देशव्यापी ‘समरसता संकल्प अभियान’ का किया शुभारंभ

कवर्धा। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में मंगलवार को संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश प्रवक्ता जसविंदर बग्गा ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज केवल किसी एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान पथप्रदर्शक हैं। उनके समता, सामाजिक न्याय, सद्भाव और समरसता के विचार विकसित भारत के निर्माण का मजबूत आधार हैं।

उन्होंने कहा कि समाज में वास्तविक क्रांति शस्त्रों से नहीं, बल्कि स्वच्छ विचार और विशुद्ध चेतना से आती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के संकल्प का मूल भाव भी संत गुरु रविदास महाराज के दर्शन से प्रेरित है।

29 जुलाई से 20 फरवरी तक चलेगा अभियान

प्रदेश प्रवक्ता जसविंदर बग्गा ने बताया कि संत गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 29 जुलाई 2026 (आषाढ़ पूर्णिमा) से 20 फरवरी 2027 (माघ पूर्णिमा) तक देशभर में ‘समरसता संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास के समता, सेवा, सामाजिक समरसता एवं मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना है।

दीप महोत्सव से समरसता यात्रा तक होंगे विविध आयोजन

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 29 जुलाई को देशभर के मंदिरों में समरसता दीप महोत्सव आयोजित किया जाएगा, जिसमें 51 हजार स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

इसके पश्चात 29 जुलाई से 10 सितंबर तक कलश वंदन अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से वाराणसी स्थित गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी देशभर के राज्यों, जिलों और मंदिरों तक पहुंचाई जाएगी।

इसी क्रम में 29 जुलाई से 31 अगस्त तक संत संपर्क अभियान, 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक डेरा सचखंड बल्लां (जालंधर) से वाराणसी तक समरसता यात्रा तथा 26 नवंबर से 15 जनवरी तक छात्रावास संपर्क अभियान आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

हर वर्ग से सहभागिता की अपील

श्री बग्गा ने बताया कि अभियान के प्रभावी संचालन के लिए प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर पर समितियों का गठन किया जाएगा। साथ ही मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक जनजागरण अभियान भी चलाया जाएगा। उन्होंने संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं एवं समाज के सभी वर्गों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कबीरधाम में भी होंगे व्यापक आयोजन

भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि कबीरधाम जिले में भी समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर संत गुरु रविदास महाराज के समरसता, सामाजिक सद्भाव एवं समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने जिले के सभी कार्यकर्ताओं एवं आमजन से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

प्रेसवार्ता में भाजपा महामंत्री मुकेश ठाकुर, जिला प्रवक्ता कांशीराम उइके, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष महेंद्र धृतलहरे तथा मीडिया प्रभारी मोहन कश्यप सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page