गांवों के समग्र विकास से ही विकसित छत्तीसगढ़ का सपना होगा साकार : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
गांवों के समग्र विकास से ही विकसित छत्तीसगढ़ का सपना होगा साकार : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
जिला पंचायत CEO की समीक्षा बैठक में दिए सुशासन के मंत्र, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर
रायपुर, 27 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ग्राम पंचायतों को केवल योजनाओं के क्रियान्वयन तक सीमित न रखकर सामाजिक परिवर्तन, आर्थिक समृद्धि और आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था का केंद्र बनाया जाए। गांवों के समग्र विकास से ही विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प साकार होगा।
नवा रायपुर स्थित एसआईआरडी परिसर, निमोरा में आयोजित जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक एवं कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन की असली कसौटी यही है कि शासन की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
‘विकसित भारत जी राम जी योजना’ को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 जुलाई से लागू विकसित भारत जी राम जी योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देगी। इसके तहत रोजगार सृजन, स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण, जल संरक्षण, कृषि विकास और ग्रामीण अधोसंरचना पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।
जल संरक्षण बने विकास की प्राथमिकता
उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं होना चाहिए। जल संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य, कृषि उत्पादकता, पशुपालन, मत्स्य पालन और प्राकृतिक संसाधनों के वैज्ञानिक उपयोग को प्राथमिकता दी जाए। प्रत्येक जिले में स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार जल संरक्षण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
10.40 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक 10 लाख 40 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। अब उन्हें उद्यमिता, कौशल विकास और स्वरोजगार से जोड़कर ‘करोड़पति दीदी’ बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। अधिकारियों को पात्र महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों और आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
बस्तर के अंतिम गांव तक पहुंचे विकास
मुख्यमंत्री ने बस्तर संभाग के अधिकारियों से कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, बिजली, आवास, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं का विस्तार सर्वोच्च प्राथमिकता से किया जाए, ताकि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
पीएम आवास और पीएम सूर्यघर योजना पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों में तेजी लाने और सभी पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और ग्रामीण परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़ने पर भी बल दिया।
पोपटराव पवार के हिवरे बाजार मॉडल का दिया उदाहरण
मुख्यमंत्री ने पद्मश्री पोपटराव पवार के हिवरे बाजार मॉडल का उल्लेख करते हुए कहा कि जनभागीदारी, ईमानदार नेतृत्व और दृढ़ इच्छाशक्ति से किसी भी गांव की तस्वीर बदली जा सकती है। उन्होंने अधिकारियों से अपने-अपने जिलों की परिस्थितियों के अनुसार विकास के स्थानीय मॉडल तैयार करने का आह्वान किया।
बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, अपर मुख्य सचिव श्रीमती ऋचा शर्मा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव श्री भीम सिंह, संचालक श्रीमती प्रियंका ऋषि महोबिया, सेवानिवृत्त आईएएस श्री अमरजीत सिन्हा सहित सभी जिलों के जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



