सपनों को मिला कलेक्टर का साथ, ‘द कलेक्टर्स-15’ से शुरू हुई बदलाव की नई इबारत

सपनों को मिला कलेक्टर का साथ, ‘द कलेक्टर्स-15’ से शुरू हुई बदलाव की नई इबारत
पहली बार मेधावी विद्यार्थियों के लिए खुले कोरिया कलेक्टर निवास के द्वार, 15 छात्रों ने साझा किए अपने सपने

रायपुर, 26 जुलाई 2026। कोरिया जिले में शिक्षा और युवा प्रतिभाओं को नई दिशा देने की अनूठी पहल करते हुए कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने ‘द कलेक्टर्स-15’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यह पहल केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि मेधावी विद्यार्थियों के सपनों को पहचानने, उन्हें सही मार्गदर्शन देने और भविष्य के लिए प्रेरित करने की अभिनव पहल है।
इस कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि पहली बार कोरिया कलेक्टर निवास के द्वार मेधावी विद्यार्थियों के लिए खोले गए। यहां प्रशासनिक औपचारिकताओं के बजाय आत्मीय संवाद, विश्वास और प्रेरणा का माहौल देखने को मिला। आकांक्षी विकासखंड बैकुंठपुर के सहयोग से जिले के 15 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं ने कलेक्टर रोक्तिमा यादव से मुलाकात कर अपने करियर लक्ष्य, संघर्ष, जिज्ञासाएं और भविष्य की योजनाएं साझा कीं।

‘चुनौतियों को अपनी ताकत बनाएं’
कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि हर सपना महत्वपूर्ण होता है और उसे पूरा करने के लिए सही दिशा, कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सफलता उन्हीं को मिलती है जो चुनौतियों से घबराने के बजाय उन्हें अपनी ताकत बनाते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को बड़ा लक्ष्य निर्धारित करने, निरंतर सीखते रहने, अनुशासन को जीवन का आधार बनाने तथा समाज के प्रति संवेदनशील नागरिक बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि नेतृत्व क्षमता, सकारात्मक सोच और सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना भी है।
प्रशासनिक सेवाओं और करियर पर खुला संवाद
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने प्रशासनिक सेवाओं, उच्च शिक्षा, तकनीकी क्षेत्र, नवाचार, समय प्रबंधन और व्यक्तित्व विकास से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे। कलेक्टर ने अपने अनुभव साझा करते हुए लक्ष्य तय करने, लगातार प्रयास करने और असफलताओं से सीख लेकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
शिक्षा को जीवन के अनुभवों से जोड़ने की पहल
‘द कलेक्टर्स-15’ पहल का उद्देश्य शिक्षा को कक्षा की चारदीवारी से बाहर निकालकर विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन के अनुभवों और प्रशासनिक व्यवस्था से जोड़ना है। यह कार्यक्रम युवा प्रतिभाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
यह आयोजन इस संदेश के साथ संपन्न हुआ कि यदि युवाओं को सही मार्गदर्शन और अवसर मिलें, तो वे न केवल अपने सपनों को साकार कर सकते हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव भी रख सकते हैं।


