‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान को मिल रहा जन-जन का साथ, जीपीएम में एटीएम ट्री वाहन का शुभारंभ

‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान को मिल रहा जन-जन का साथ, जीपीएम में एटीएम ट्री वाहन का शुभारंभ

रायपुर, 25 जुलाई 2026। प्रदेश में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जा रहा है। वन महोत्सव के अवसर पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नवागांव (पेंड्रा) में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने जिले के प्रत्येक क्षेत्र तक पौधे पहुंचाने के उद्देश्य से एटीएम ट्री वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान केवल वृक्षारोपण नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण, जनभागीदारी और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने सभी को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम में विधायक ने विद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए साइकिल स्टैंड निर्माण की घोषणा की। जनपद सदस्य पूर्णिमा पैकरा ने विद्यालय में प्रार्थना शेड निर्माण के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा ने कहा कि यह अभियान प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का प्रेरक संदेश देता है और प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।
इस अवसर पर विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने बादाम, जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा ने आंवला, कलेक्टर विजय दयाराम के. ने आम तथा वनमंडलाधिकारी ग्रीष्मी चांद ने कदम का पौधा रोपा। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने भी विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर, पेंड्रा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राकेश जालान, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे, सरपंच नरेश पैकरा, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, एनसीसी एवं स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदेश में संचालित ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान हरित, स्वच्छ और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में जनभागीदारी का सशक्त उदाहरण बनता जा रहा है।
