G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

सरस्वती साइकिल योजना के तहत 238 छात्राओं को मिली साइकिलें, शिक्षा के लिए किया प्रेरित

रायपुर, 25 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ शासन की सरस्वती साइकिल प्रदाय योजना के तहत कोण्डागांव जिले के मड़ानार और मर्दापाल में कुल 238 छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं। इस अवसर पर वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

मड़ानार में आयोजित कार्यक्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मड़ानार, सोनाबाल और गोलावंड की 57 छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं। वहीं मर्दापाल में मर्दापाल, हसलनार, मटवाल, कांगा, नवागांव और खड़पड़ी की 181 छात्राओं को योजना का लाभ मिला।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केदार कश्यप ने कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि सरस्वती साइकिल प्रदाय योजना का उद्देश्य दूर-दराज के क्षेत्रों की छात्राओं को स्कूल आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना और उन्हें नियमित शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने छात्राओं से मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ अध्ययन कर अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया।

इस दौरान क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया। मंत्री ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

केदार कश्यप ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनके संघर्ष के कारण देश को आजादी मिली। उन्होंने बस्तर के वीर सेनानियों के योगदान का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और देशभक्ति की भावना बनाए रखने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बस्तर क्षेत्र विकास और शांति की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस परिवर्तन में पुलिस और सुरक्षा बलों की भूमिका भी सराहनीय है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष अनीता कोर्राम, जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी, बड़ी संख्या में ग्रामीण और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page