धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा राष्ट्रहित और नैतिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का परिचायक : सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के सार्वजनिक जीवन में योगदान को सराहा
https://x.com/i/status/2080998233783037993
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पद से त्यागपत्र देने के निर्णय को राष्ट्रहित, नैतिक मूल्यों और सार्वजनिक जीवन की मर्यादा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का परिचायक बताया है। मुख्यमंत्री ने धर्मेंद्र प्रधान के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान ने अपने सार्वजनिक जीवन में प्रत्येक दायित्व का निर्वहन निष्ठा, ईमानदारी और पूर्ण समर्पण के साथ किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान केंद्रीय मंत्री के रूप में उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
शिक्षा क्षेत्र में योगदान को बताया उल्लेखनीय
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री के रूप में धर्मेंद्र प्रधान ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार, तकनीकी एवं उच्च शिक्षा के विस्तार और विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों के सृजन में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने पद से त्यागपत्र देने का निर्णय सार्वजनिक जीवन में नैतिक मूल्यों, मर्यादा और सिद्धांतों के प्रति धर्मेंद्र प्रधान की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राष्ट्रसेवा के उनके सतत प्रयास आगे भी नई ऊंचाइयों को प्राप्त करते रहें। उन्होंने धर्मेंद्र प्रधान के उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।




