प्रधानमंत्री जनमन योजना से बदली वनांचल की तस्वीर, बांटीपथरा से पढ़ियाधरान तक बनी पक्की सड़क

कवर्धा। कबीरधाम जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत आधारभूत सुविधाओं का विस्तार ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। कभी बरसात के दिनों में कीचड़ और दुर्गम रास्तों से जूझने वाले ग्रामीण अब पक्की सड़क पर सुरक्षित और सुगम आवागमन का लाभ उठा रहे हैं। वनांचल क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाई गई है।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बांटीपथरा से पढ़ियाधरान तक लगभग 3 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का निर्माण 1 करोड़ 43 लाख 82 हजार रुपये की लागत से कराया गया है। इस सड़क से जुड़े लगभग 135 बसाहटों के लोगों को अब वर्षभर सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो गई है। सड़क बनने से शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान हो गई है।

ग्राम बांटीपथरा एवं पढ़ियाधरान निवासी राजेन्द्र कुमार मरकाम ने बताया कि पहले गांव से बाहर निकलना बेहद कठिन था। बरसात के मौसम में कीचड़ और खराब रास्तों के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। सड़क बनने के बाद अब स्कूल, अस्पताल, बाजार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आवागमन सहज हो गया है। उन्होंने इस सुविधा के लिए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसी गांव के निवासी नन्हें सिंह मरकाम ने कहा कि पहले बांटीपथरा से पढ़ियाधरान तक कोई पक्का मार्ग नहीं था। बरसात में कीचड़ भरे रास्तों से गुजरना मजबूरी थी, जिससे आवागमन लगभग ठप हो जाता था। अब पक्की सड़क बनने से गांव की तस्वीर बदल गई है। लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन मिल रहा है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों तक पहुंच भी आसान हुई है।
प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से वनांचल क्षेत्रों में सड़क जैसी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार ग्रामीण विकास को नई दिशा दे रहा है। बांटीपथरा से पढ़ियाधरान तक बनी यह सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास की नई उम्मीद भी बन गई है। इससे दूरस्थ गांवों के लोगों का जीवन अधिक सुविधाजनक हुआ है और विकास की मुख्यधारा से उनका जुड़ाव भी मजबूत हुआ है।



