जन्मदिवस पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया पौधारोपण, हजारों लोगों के साथ दिया हरियाली का संदेश

उप मुख्यमंत्री ने कहा- 50 सीटों के साथ इसी सत्र से शुरू होगा मेडिकल कॉलेज
मेडिकल कॉलेज सिर्फ भवन नहीं, कवर्धा के भविष्य की धरोहर है- विजय शर्मा
मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित हुआ वृक्षारोपण महाअभियान-2026
समाज के हर वर्ग ने वृक्षारोपण महाअभियान में निभाई भागीदारी

कवर्धा, 19 जुलाई 2026। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रविवार को अपने जन्मदिवस के अवसर पर मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित वृक्षारोपण महाअभियान-2026 में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, विद्यार्थियों, स्काउट-गाइड, एनसीसी कैडेट्स, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, शहरवासियों और ग्रामीणों ने भी बड़ी संख्या में पौधे लगाए।
महाअभियान के दौरान मेडिकल कॉलेज परिसर में फलदार सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि कवर्धा में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज केवल एक भवन नहीं, बल्कि जिले की आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर है। यह ऐसा ऐतिहासिक कार्य होगा, जो आने वाले वर्षों तक शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कवर्धा की पहचान को मजबूत करेगा।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज भवन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और परिसर की चारों दिशाओं में व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जा रहा है। यह प्रदेश के सबसे तेज गति से बन रहे मेडिकल कॉलेजों में से एक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करने के लिए सतत प्रयास करने के निर्देश दिए।
इसी सत्र से 50 सीटों के साथ शुरू होगा मेडिकल कॉलेज
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि इसी शैक्षणिक सत्र से मेडिकल कॉलेज का संचालन 50 सीटों के साथ प्रारंभ किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा का अवसर मिलेगा और जिले की स्वास्थ्य सेवाएं भी और मजबूत होंगी।
उन्होंने कहा कि कवर्धा के सभी चिकित्सक मेडिकल कॉलेज के सफल संचालन और विकास के लिए सहयोग देने को तत्पर हैं। उन्होंने कहा कि समयबद्ध लक्ष्य और संकल्प के साथ किए गए कार्यों से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। इसी भावना के साथ मेडिकल कॉलेज भवन का निर्माण भी निर्धारित समय में पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।

वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने पर जोर
उप मुख्यमंत्री ने जिले को हराभरा बनाने के लिए कार्य कर रही हरीतिमा टीम की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने में टीम का योगदान महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह केवल पौधारोपण कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने का अभियान है।
उन्होंने युवाओं की सकारात्मक भागीदारी की प्रशंसा करते हुए नेऊर गांव के युवाओं द्वारा ग्रामवासियों के सहयोग से चौक का सौंदर्यीकरण और महापुरुषों की प्रतिमाओं की स्थापना जैसे कार्यों की सराहना की। उन्होंने ऑटो संघ, बस एवं ट्रक मालिक संघ सहित विभिन्न संगठनों के योगदान को भी सराहा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कवर्धा में सियान सदन का निर्माण प्रारंभ हो चुका है, जो वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपयोगी सुविधा साबित होगा।

विभिन्न संगठनों ने निभाई सहभागिता
वृक्षारोपण महाअभियान में व्यापारी संघ, अधिवक्ता संघ, बोल बम समिति, स्वामी विवेकानंद एकेडमी, प्राइवेट स्कूल संघ, प्रभात फेरी समूह, कार पेंटर संघ, राज मिस्त्री संघ, सेलून संघ, होटल व्यापारी संघ, रईस मिल संघ, नवजीवन रक्तदान समिति, लायंस क्लब, यूथ क्लब, स्वच्छता दीदियां, सब्जी विक्रेता संघ, ठेकेदार संघ, समाज प्रमुख तथा विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के सदस्यों ने बड़ी संख्या में भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश चंद्रवंशी, नगर पालिका उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, डॉ. वीरेन्द्र साहू, नितेश अग्रवाल, पूर्व विधायक सियाराम साहू, मोतीराम चंद्रवंशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे, लोकचंद साहू, कलेक्टर गोपाल वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।




