स्टेट वेयरहाउसिंग कार्पोरेशन कर्मचारियों को बड़ा तोहफा, सैलरी एमओयू से मिलेगा 1.10 करोड़ रुपये तक का दुर्घटना बीमा

रायपुर, 7 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ स्टेट वेयरहाउसिंग कार्पोरेशन और Axis Bank के बीच नवा रायपुर स्थित निगम मुख्यालय में सैलरी एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, प्रबंध संचालक आषीष कुमार टिकरिहा तथा दोनों संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
समझौते के तहत ऐक्सिस बैंक में सैलरी खाता खुलवाने वाले निगम के नियमित कर्मचारियों एवं दैनिक वेतनभोगी श्रमिकों को 1.10 करोड़ रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा तथा 10 लाख रुपये का प्राकृतिक मृत्यु बीमा निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा कर्मचारी की मृत्यु होने पर उसके परिवार को 8 लाख रुपये तक की शिक्षा सहायता भी प्रदान की जाएगी।
एमओयू के अंतर्गत कर्मचारियों को मात्र 2,499 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर 30 लाख रुपये तक का हेल्थ टॉप-अप कवर तथा 30 लाख रुपये का पर्सनल एक्सीडेंट कवर लेने की सुविधा भी मिलेगी।
निगम अध्यक्ष चंदूलाल साहू ने कहा कि इस समझौते से कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर बैंकिंग सेवाओं के साथ मजबूत बीमा सुरक्षा एवं वित्तीय सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इस पहल से निगम कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है और उन्होंने इसके लिए निगम प्रबंधन एवं अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसी अवसर पर अध्यक्ष चंदूलाल साहू ने पूनम कूजुर, निवासी बैकुंठपुर (जिला कोरिया जिला), को सीसीएच (चतुर्थ श्रेणी) पद पर अनुकंपा नियुक्ति आदेश भी प्रदान किया।



