साइबर सुरक्षा और नवीन कानूनों पर विद्यार्थियों को किया जागरूक, भोरमदेव पुलिस ने चलाया जनजागरूकता अभियान

https://youtube.com/shorts/b8p4jVJF0mA?si=EEU4_9wNLk6CNAX0
कवर्धा। कबीरधाम पुलिस द्वारा जिले में साइबर सुरक्षा एवं कानूनों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना भोरमदेव की पुलिस टीम ने राजा नवागांव स्थित हाई स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को साइबर अपराधों से बचाव, ‘अभिव्यक्ति’ मोबाइल ऐप तथा नवीन आपराधिक कानूनों की जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दिव्या शर्मा ने किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक, बैंकिंग फ्रॉड, ओटीपी धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और अन्य साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस ने समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक पर बिना पुष्टि के भरोसा न करें। साथ ही साइबर अपराध होने पर तत्काल पुलिस एवं साइबर हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।
इस दौरान ‘अभिव्यक्ति’ मोबाइल ऐप की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला गया। बताया गया कि यह ऐप महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है, जिसके माध्यम से आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है। विद्यार्थियों और शिक्षकों को ऐप डाउनलोड कर उसका उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने नवीन आपराधिक कानूनों, नागरिक कर्तव्यों, सामाजिक अनुशासन, नशामुक्त जीवन, सड़क सुरक्षा और साइबर बुलिंग से बचाव के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक बनने और अपने परिवार व समाज को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने कबीरधाम पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता, कानून के प्रति सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कबीरधाम पुलिस ने सभी से सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
