6 साल बाद भी नहीं बढ़ी डोंगरगढ़–कवर्धा–कटघोरा रेल परियोजना, अब उद्घाटन नहीं ट्रेन चलती देखना चाहती है जनता
कवर्धा । डोंगरगढ़–कवर्धा–कटघोरा नई रेल परियोजना के शिलान्यास को छह वर्ष बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से कबीरधाम जिले में लोगों की नाराजगी बढ़ती जा रही है। जिले के नागरिकों का कहना है कि जिस परियोजना को विकास की सबसे बड़ी सौगात बताया गया था, वह आज भी कागजों और घोषणाओं तक सीमित नजर आ रही है।
भारतीय किसान संघ के जिला प्रचार प्रमुख दिनेश चंद्रवंशी ने कहा कि शिलान्यास के समय लोगों ने रेल परियोजना का स्वागत करते हुए इसे जिले के विकास का नया अध्याय माना था, लेकिन छह साल बाद भी जमीनी स्तर पर कोई ठोस प्रगति दिखाई नहीं दे रही है। परियोजना कब पूरी होगी और कब रेल दौड़ेगी, इसकी स्पष्ट जानकारी आम जनता को नहीं मिल पा रही है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित इस परियोजना को लेकर जिले के लोगों में निराशा और जनप्रतिनिधियों के प्रति आक्रोश बढ़ रहा है। उनका सवाल है कि चुनाव के दौरान डबल इंजन सरकार के माध्यम से कबीरधामवासियों को रेल सुविधा मिलने के जो दावे किए गए थे, वे अब तक पूरे क्यों नहीं हुए।
दिनेश चंद्रवंशी ने मांग की है कि सांसद और विधायक इस महत्वपूर्ण रेल परियोजना का मुद्दा संसद और विधानसभा में प्रमुखता से उठाएं तथा रेल मंत्रालय एवं राज्य सरकार से निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के लिए प्रभावी पहल करें।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही परियोजना पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई और जनप्रतिनिधियों ने इस ओर गंभीरता नहीं दिखाई, तो जिले की जनता आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होगी। उनका कहना है कि कबीरधाम की जनता अब केवल शिलान्यास और उद्घाटन नहीं, बल्कि जिले में ट्रेन दौड़ती हुई देखना चाहती है।

