G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय पिपरिया में कबीरधाम पुलिस का जागरूकता अभियान

साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों पर विद्यार्थियों को किया गया जागरूक

कवर्धा। कबीरधाम पुलिस द्वारा जिले में चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान के तहत स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, पिपरिया में साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा यातायात नियमों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को डिजिटल अपराधों से बचाव, कानून के प्रति जागरूकता और सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (आईपीएस) के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में थाना प्रभारी नितिन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे और उनसे बचाव के उपायों से अवगत कराया।

विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम या यूपीआई पिन जैसी गोपनीय जानकारी साझा न करें। फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल, डिजिटल अरेस्ट, संदिग्ध लिंक और लुभावने ऑफर से सतर्क रहने की सलाह दी गई। साथ ही साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।

महिला एवं बाल सुरक्षा विषय पर सुरक्षित व्यवहार, गुड टच-बैड टच, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा किसी भी अनुचित घटना की जानकारी बिना डर के अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को देने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए कानून सदैव उनके साथ है।

यातायात जागरूकता के अंतर्गत हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, सड़क संकेतों का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने और सड़क पर अनुशासन बनाए रखने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों से स्वयं नियमों का पालन करने के साथ अपने परिवार और समाज को भी जागरूक करने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल और व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान किया। विद्यार्थियों ने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की।

इस अवसर पर सहायक उपनिरीक्षक बीरबल वर्मा, प्रधान आरक्षक जकतू कोसले, घनाराम सिन्हा, आरक्षक भगवानदास, विद्यालय के प्राचार्य कन्हैयालाल सिंगरौल, शिक्षक पवन कुमार कोसरिया, मोनिका सोनी, देवकी नेताम सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page