पीएम स्वनिधि योजना में छत्तीसगढ़ का जलवा, मिले पांच राष्ट्रीय पुरस्कार

फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देशभर में पहला स्थान, इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज में दूसरा स्थान

रायपुर, 20 नवंबर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के बेहतर क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के प्रयासों में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली में आयोजित स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 में छत्तीसगढ़ को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। इनमें राज्य ने फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देशभर में पहला और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया है।
नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने राज्य की ओर से दोनों राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण किए। इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मौजूद रहे।
तीन नगरीय निकायों ने भी बढ़ाया प्रदेश का मान
डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों ने भी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन किया। एक लाख से कम आबादी वाले निकायों में बड़े बचेली नगर पालिका ने पहला और दंतेवाड़ा नगर पालिका ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, एक लाख से 10 लाख आबादी वाले निकायों की श्रेणी में बिलासपुर नगर निगम को दूसरा स्थान मिला।
छोटे कारोबारियों को मिल रहा आर्थिक संबल
पीएम स्वनिधि योजना के तहत सड़क किनारे और छोटे स्तर पर कारोबार करने वाले पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेनदेन और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। योजना के माध्यम से छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आजीविका मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित यह योजना छोटे व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। छत्तीसगढ़ को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। यह राज्य में सुशासन, बेहतर क्रियान्वयन और नवाचारों का परिणाम है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य के साथ बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा नगरीय निकायों को मिला सम्मान उनकी बेहतर कार्यप्रणाली और समर्पित प्रयासों का परिणाम है। यह उपलब्धि पथ विक्रेताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए नगरीय निकायों को और बेहतर काम करने की प्रेरणा देगी।
समारोह में नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, संचालक निलेश महादेव क्षीरसागर सहित संबंधित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।


