देवभूमि और छत्तीसगढ़ के बीच बढ़ा वैचारिक सेतु: मुख्यमंत्री धामी से मिले छत्तीसगढ़ के मीडिया प्रतिनिधि

हरिद्वार महाकुंभ के लिए मीडिया प्रतिनिधियों को दिया विशेष आमंत्रण
रायपुर, 3 जुलाई 2026। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से देहरादून स्थित मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ के मीडिया प्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान दोनों राज्यों के बीच विकास, संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और मीडिया की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि उनकी सरकार “विकास भी, विरासत भी” के मूल मंत्र पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नैनीताल, गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए अलग-अलग विकास प्राधिकरणों का गठन किया गया है, ताकि आधुनिक विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक संपदा का संरक्षण भी सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ऋषि-मुनियों और संतों की तपोभूमि है तथा इसकी आध्यात्मिक पहचान और पर्यावरण संरक्षण सभी की साझा जिम्मेदारी है।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की दूरदर्शी सोच की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकार कल्याण और मीडिया की स्वतंत्रता को मजबूत करने की दिशा में छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। उन्होंने इस भ्रमण कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह तथा जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल सहित अधिकारियों की भी प्रशंसा की।
हरिद्वार महाकुंभ के लिए विशेष निमंत्रण
मुख्यमंत्री धामी ने अगले वर्ष आयोजित होने वाले हरिद्वार महाकुंभ में छत्तीसगढ़ सहित देशभर के मीडिया प्रतिनिधियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों के पत्रकारों को कुंभ की आध्यात्मिक ऊर्जा, भव्य व्यवस्थाओं और सांस्कृतिक विरासत को प्रत्यक्ष देखने का अवसर मिलना चाहिए, ताकि वे अपने-अपने राज्यों की जनता तक इन अनुभवों को पहुंचा सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे अंतर्राज्यीय संवाद राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोकतांत्रिक मूल्यों को और अधिक सशक्त बनाते हैं।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के दुर्ग, रायपुर, कोरबा, जगदलपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव, कोरिया और धमतरी सहित विभिन्न जिलों के मीडिया प्रतिनिधि, छत्तीसगढ़ जनसंपर्क संचालनालय के अधिकारी तथा उत्तराखंड सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



