तालाब किनारे छायादार वृक्षों का रोपण, पशुओं व राहगीरों को मिलेगी राहत दयालु राम साहू, मन्नू यादव, राजू निषाद व होली यादव ने की अनोखी पहल

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला प्रतिनिधि KCG
गंडई। पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पशुओं और राहगीरों को छाया उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पंचायत गंडई के पंडरिया तालाब किनारे बरगद, पीपल एवं नीम जैसे छायादार पौधों का रोपण किया जा रहा है। इस अभियान में दयालु राम साहू की उपस्थिति में मन्नू यादव, राजू निषाद एवं होली यादव ने श्रमदान कर पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
दयालु राम साहू ने बताया कि उनके द्वारा पूर्व में भी कई स्थानों पर छायादार वृक्ष लगाए गए थे, जो अब बड़े होकर राहगीरों एवं पशुओं को शीतल छाया प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनकी नियमित देखभाल भी आवश्यक है, तभी यह प्रयास सफल होगा।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कुछ पौधे लगाकर उनका संरक्षण करे, तो क्षेत्र हराभरा होने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी नई दिशा मिलेगी।


