एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य, कृषक उन्नति योजना और समर्थन मूल्य खरीदी का मिलेगा लाभ
AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला प्रतिनिधि KCG
खैरागढ़ : किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सरल तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन एवं आवश्यक संशोधन कराना अनिवार्य किया गया है। यह कार्य सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से किया जा रहा है। पात्र कृषकों से निर्धारित अवधि में पंजीयन एवं संशोधन कराने की अपील की गई है, ताकि वे शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त कर सकें।
राज्य शासन की कृषक उन्नति योजना के तहत खरीफ वर्ष 2026 में धान के स्थान पर अन्य वैकल्पिक फसलों का उत्पादन करने वाले पात्र किसानों को 15 हजार रुपये प्रति एकड़ तथा दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी एवं कपास की खेती करने वाले पात्र किसानों को 10 हजार रुपये प्रति एकड़ की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इस योजना से किसानों की आय बढ़ाने के साथ जल संरक्षण एवं फसल विविधीकरण को भी प्रोत्साहन मिलेगा। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन एवं संशोधन अनिवार्य है।
एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीकृत एवं संशोधित किसानों की दलहन एवं तिलहन फसलों की खरीदी न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से की जाएगी। भारत सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि की है। इसके तहत अरहर का एमएसपी 8,450 रुपये, उड़द का 7,800 रुपये, मूंग का 8,780 रुपये तथा सोयाबीन का 5,708 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
किसान एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन कराकर कृषक उन्नति योजना, प्रधानमंत्री अन्नदाता संरक्षण अभियान के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर खरीदी, बीज उत्पादन कार्यक्रम सहित कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
जिले के सभी किसानों से आग्रह किया गया है कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपनी संबंधित सेवा सहकारी समिति में पहुंचकर समय-सीमा के भीतर पंजीयन एवं संशोधन की प्रक्रिया पूर्ण करें। समय पर पंजीयन कराने से किसान शासन की योजनाओं एवं समर्थन मूल्य पर उपज विक्रय का पूरा लाभ प्राप्त कर सकेंगे।

