G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

कबीरधाम के गंडईखुर्द से वीबी-जी राम जी योजना का राज्य स्तरीय शुभारंभ, 125 दिन रोजगार और 300 रुपये दैनिक मजदूरी का प्रावधान


कबीरधाम के गंडईखुर्द से वीबी-जी राम जी योजना का राज्य स्तरीय शुभारंभ, 125 दिन रोजगार और 300 रुपये दैनिक मजदूरी का प्रावधान

कवर्धा, 2 जुलाई 2026। कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत गंडईखुर्द से विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबी-जी राम जी) योजना का राज्य स्तरीय शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान आंध्र प्रदेश के तिरुपति से वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में कोई भी गरीब परिवार काम के अभाव में बेरोजगार न रहे। उन्होंने बताया कि योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों का रोजगार मिलेगा और गांवों में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि मजदूरों के सम्मान और गरीबों की सेवा को सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में योजना का शुभारंभ गंडईखुर्द से होना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने योजना के तहत प्रदेश के पहले विकास कार्य के रूप में ग्राम पंचायत गंडईखुर्द में शेड निर्माण के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल रोजगार देने तक सीमित नहीं है, बल्कि विकसित गांवों के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण का अभियान है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने योजना के लिए छत्तीसगढ़ को 3,300 करोड़ रुपये का प्रावधान दिया है।

उन्होंने बताया कि योजना में 318 प्रकार के विकास कार्य शामिल किए गए हैं। इनमें जल संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना, आजीविका संवर्धन और आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्य शामिल हैं। इसके तहत डबरी, चेकडैम, वर्षा जल संचयन, ग्रामीण सड़क, सामुदायिक पशु शेड, हाईमास्ट लाइट, वर्क शेड, कोल्ड स्टोरेज, कृषि प्रसंस्करण केंद्र, खाद गोदाम और हैंडलूम प्रोसेसिंग सेंटर जैसे कार्य कराए जाएंगे। साथ ही जॉब कार्ड के स्थान पर जीआरजी कार्ड जारी किए जाएंगे।

पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि योजना के तहत मनरेगा में ग्रामीण परिवारों को अब 125 दिनों का रोजगार मिलेगा तथा अकुशल श्रमिकों की दैनिक मजदूरी 261 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये कर दी गई है। उन्होंने कहा कि गांवों के समग्र विकास से ही विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेष पटेल, कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, कलेक्टर गोपाल वर्मा, पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान वीबी-जी राम जी योजना के प्रचार-प्रसार के लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं और ग्रामीणों ने मानव श्रृंखला बनाकर जनजागरूकता का संदेश दिया। वहीं “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और अन्य अतिथियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page