G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

वीबी-जी राम जी योजना का आगाज, गंडईखुर्द से हुआ राज्य स्तरीय शुभारंभ

125 दिन मिलेगा रोजगार, मजदूरी बढ़कर 300 रुपये प्रतिदिन; 318 प्रकार के विकास कार्य होंगे शामिल

कवर्धा। कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत गंडईखुर्द से गुरुवार को विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबी-जी राम जी) योजना का राज्य स्तरीय शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि रहे। राष्ट्रीय स्तर पर योजना का शुभारंभ केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आंध्र प्रदेश के तिरुपति से किया और वर्चुअल माध्यम से गंडईखुर्द कार्यक्रम से जुड़े।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि योजना का उद्देश्य ग्रामीण गरीब परिवारों को रोजगार की गारंटी देना और गांवों में विकास कार्यों को गति देना है। उन्होंने बताया कि अब ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों का रोजगार मिलेगा तथा मजदूरी बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिदिन कर दी गई है।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि वीबी-जी राम जी योजना केवल रोजगार उपलब्ध कराने की योजना नहीं, बल्कि विकसित गांव से विकसित भारत के निर्माण का अभियान है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ के लिए 3,300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक विकास कार्य किए जाएंगे।

उन्होंने योजना के तहत प्रदेश के पहले विकास कार्य के रूप में ग्राम पंचायत गंडईखुर्द में शेड निर्माण प्रस्ताव को स्वीकृति भी प्रदान की। इसके साथ ही गंडईखुर्द योजना के अंतर्गत प्रदेश की पहली ग्राम पंचायत बन गई, जहां विकास कार्य का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ।

योजना के तहत 318 प्रकार के विकास कार्य शामिल किए गए हैं। इनमें जल संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना, आजीविका संवर्धन और आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्य प्रमुख हैं। डबरी, चेकडैम, वर्षा जल संचयन, ग्रामीण सड़क, सामुदायिक पशु शेड, किचन शेड, हाईमास्ट लाइट, कोल्ड स्टोरेज, खाद्यान्न गोदाम, कृषि प्रसंस्करण केंद्र सहित अनेक कार्य कराए जाएंगे। साथ ही जॉब कार्ड की जगह अब जीआरजी कार्ड जारी किया जाएगा।

पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह प्रदेश के लिए ऐतिहासिक दिन है। योजना के माध्यम से गांवों में रोजगार बढ़ेगा और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पंचायत तक योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।

कार्यक्रम में योजना के प्रचार-प्रसार के लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं और ग्रामीणों ने मानव श्रृंखला बनाकर जनजागरूकता का संदेश दिया। वहीं “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत उपमुख्यमंत्री सहित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने वृहद स्तर पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

इस अवसर पर गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेष पटेल, कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, कलेक्टर गोपाल वर्मा, पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page