G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhKCGखास-खबर

थाना दिवस में समस्याओं का हुआ निराकरण, एकता वृक्ष अभियान के तहत किया गया वृक्षारोपण पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में गंडई सहित जिले के सभी थानों में आयोजित हुआ कार्यक्रम

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला प्रतिनिधि KCG

खैरागढ़ /गंडई। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर “एकता वृक्ष अभियान” की थीम के साथ गुरुवार को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के सभी थाना एवं चौकियों में थाना दिवस का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय गंडई में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा की उपस्थिति में आमजन की समस्याएं सुनी गईं तथा थाना परिसर में अधिकारियों, पुलिस जवानों और नागरिकों ने सामूहिक रूप से वृक्षारोपण किया।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रमुखों, कोटवारों, पत्रकारों, बैंक अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। नवीन आपराधिक कानूनों की जानकारी देते हुए नागरिकों को बताया गया कि नए कानूनों से मामलों के त्वरित निराकरण और न्याय व्यवस्था में विश्वास बढ़ा है।
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में वरिष्ठ अधिकारियों ने पहुंचकर लोगों की शिकायतों का मौके पर निराकरण किया। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव, महिला एवं बाल सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन, डायल-112 सेवा, साइबर हेल्पलाइन 1930, साइबर क्राइम पोर्टल तथा “चक्षु” पोर्टल के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
बैठक में शराबखोरी, नशाखोरी, सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों के उपयोग, नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन, शैक्षणिक संस्थानों के आसपास धूम्रपान, सड़क पर घूम रहे आवारा मवेशियों तथा साइबर अपराधों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। संबंधित थाना प्रभारियों को इन मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन 1930 अथवा साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की। साथ ही आपात स्थिति में डायल-112 सेवा का उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में शराबखोरी, नशाखोरी एवं किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। थाना दिवस का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच विश्वास, संवाद एवं समन्वय को मजबूत करना तथा जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। यह कार्यक्रम प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय गुरुवार को जिले के सभी थानों एवं चौकियों में आयोजित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page