28 जून को होगी पीएटी/पीवीपीटी प्रवेश परीक्षा-2026, जिले में 277 परीक्षार्थी होंगे शामिल
दो परीक्षा केंद्र बनाए गए, सभी तैयारियां पूरी
कवर्धा, 27 जून 2026। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल, रायपुर द्वारा आयोजित पीएटी/पीवीपीटी प्रवेश परीक्षा-2026 आज (28 जून) प्रातः 10 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक आयोजित होगी। जिले में परीक्षा के लिए दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 277 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए प्रत्येक केंद्र पर कलेक्टर कार्यालय एवं समन्वयक केंद्र की ओर से पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। साथ ही अनुचित गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए उड़नदस्ता दल का भी गठन किया गया है।
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में निर्धारित समय से कम से कम दो घंटे पहले पहुंचना होगा। परीक्षा प्रारंभ होने से 30 मिनट पहले केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा, जिसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
व्यापमं के निर्देशानुसार अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले वस्त्र पहनकर आना होगा। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी एवं चॉकलेटी रंग के कपड़े प्रतिबंधित रहेंगे। फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनने की अनुमति होगी तथा कान में किसी भी प्रकार के आभूषण पहनना वर्जित रहेगा।
उत्तर लिखने के लिए केवल नीले अथवा काले बॉल प्वाइंट पेन का उपयोग किया जा सकेगा। परीक्षा के पहले और अंतिम आधे घंटे के दौरान परीक्षा कक्ष से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। अनुचित साधनों का उपयोग पाए जाने पर अभ्यर्थिता निरस्त करने सहित नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।