G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, 3 जेसीबी और 3 ट्रैक्टर जब्तमुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायत पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही प्रशासन की त्वरित कार्रवाई, अवैध उत्खनन पर सख्त संदेश

रायपुर, 27 जून। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में बड़ी कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के आधार पर जिला प्रशासन और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने तीन जेसीबी मशीन और तीन ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया है।

जिला कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन के निर्देश पर जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने देवराजपारा-सधवानी और बंधी-बचरवार क्षेत्र में मुरूम एवं मिट्टी के अवैध उत्खनन तथा सिलपहरी क्षेत्र में रेत के अवैध परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई की। अभियान के दौरान देवराजपारा-सधवानी से दो जेसीबी, बंधी-बचरवार से एक जेसीबी तथा सिलपहरी से रेत परिवहन में लगे तीन ट्रैक्टर जब्त कर पुलिस लाइन अमरपुर में सुरक्षित रखा गया है।

प्रशासन के अनुसार सधवानी के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और कलेक्टर के समक्ष अवैध उत्खनन की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल जांच के निर्देश दिए, जिसके बाद खनिज विभाग ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई सुनिश्चित की।

कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं, ताकि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण हो सके और शासन को राजस्व की क्षति न पहुंचे।

खनिज विभाग ने बताया कि जब्त किए गए वाहनों के मालिकों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। नियमानुसार अर्थदंड और अन्य देय राशि जमा कराने के बाद ही वाहनों को छोड़ा जाएगा।

राज्य सरकार ने दोहराया है कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, सुशासन और कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अवैध खनन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page