सेवा सेतु पोर्टल से घर बैठे मिला विवाह प्रमाण पत्र, ग्रामीण महिला को मिली राहत

रायगढ़ की दुर्गा सिदार ने बिना दफ्तरों के चक्कर लगाए बनवाया दस्तावेज, कई सरकारी सेवाएं अब एक ही मंच पर उपलब्ध
रायपुर, 26 जून। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर शुरू किया गया ‘सेवा सेतु’ पोर्टल प्रदेश में डिजिटल सुशासन को नई दिशा दे रहा है। पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं।
रायगढ़ जिले के विकासखंड रायगढ़ अंतर्गत ग्राम सांगीतराई निवासी दुर्गा सिदार को सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से घर बैठे विवाह प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि पहले इस तरह के दस्तावेज बनवाने के लिए सरकारी कार्यालयों के कई चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और धन दोनों खर्च होते थे।
दुर्गा सिदार ने आवश्यक दस्तावेजों के साथ सेवा सेतु पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुछ ही दिनों में उनका विवाह प्रमाण पत्र जारी हो गया। समय पर दस्तावेज मिलने से उन्हें काफी राहत मिली।
उन्होंने बताया कि सेवा सेतु पोर्टल पर विवाह प्रमाण पत्र के अलावा आय, जाति, निवास, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, भू-अभिलेख, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, श्रम, राजस्व, नगरीय प्रशासन सहित कई विभागों की नागरिक सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध हैं।
ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए यह पोर्टल विशेष रूप से उपयोगी साबित हो रहा है। अब छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते, जिससे समय की बचत होने के साथ सेवाओं में पारदर्शिता और लोगों का भरोसा भी बढ़ा है।
दुर्गा सिदार ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और शासन-प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा सेतु जैसी पहल ग्रामीणों का जीवन आसान बना रही है और डिजिटल सुशासन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।


