G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

नवा रायपुर टेक्सटाइल पार्क में पहली यूनिट का भूमिपूजन, 235 करोड़ के निवेश से 4600 से अधिक लोगों को मिलेगा रोजगार

81 एकड़ में विकसित हो रहा टेक्सटाइल पार्क, तीन कंपनियों के 445 करोड़ के निवेश से 11 हजार से ज्यादा रोजगार की संभावना

रायपुर, 26 जून। नवा रायपुर में विकसित हो रहे टेक्सटाइल पार्क में पहली गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है। 235 करोड़ रुपए के निवेश से स्थापित होने वाली इस यूनिट से 4600 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। 25 जून को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन तथा आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने यूनिट का भूमिपूजन किया।

तमिलनाडु की स्विफ्ट टेक्सटाइल्स प्राइवेट लिमिटेड यहां अपनी निर्माण इकाई स्थापित करेगी। कंपनी बच्चों के परिधान (किड्सवियर) और निट गारमेंट्स का उत्पादन कर यूरोप और अमेरिका के बाजारों में निर्यात करेगी।

राज्य सरकार नवा रायपुर को देश के प्रमुख टेक्सटाइल एवं गारमेंट निर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। 81 एकड़ में विकसित किए जा रहे टेक्सटाइल पार्क में टेक्सटाइल, गारमेंट, तकनीकी वस्त्र और सहायक उद्योगों के लिए आधुनिक अधोसंरचना तैयार की जा रही है।

टेक्सटाइल पार्क में स्विफ्ट टेक्सटाइल्स के अलावा पुनीत क्रिएशन्स और दृष्टि डिजाइन्स एलएलपी को भी भूमि आवंटित की जा चुकी है। इन तीनों इकाइयों में लगभग 445 करोड़ रुपए के निवेश से 11 हजार से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है।

वाणिज्य एवं उद्योग विभाग पार्क में डामरीकृत सड़कें, जल निकासी व्यवस्था, विद्युत उपकेंद्र, जलापूर्ति, स्ट्रीट लाइट, प्रशासनिक भवन, व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स, इफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ईटीपी), ठोस अपशिष्ट प्रबंधन क्षेत्र और कॉमन फैसिलिटी सेंटर जैसी सुविधाएं विकसित कर रहा है। बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक अधोसंरचना के कारण यह पार्क निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है।

राज्य की औद्योगिक विकास नीति 2024-30 में टेक्सटाइल और रेडीमेड गारमेंट उद्योग को थ्रस्ट सेक्टर के रूप में शामिल किया गया है। नीति के तहत महिला कर्मचारियों के लिए 6 हजार रुपए तथा पुरुष कर्मचारियों के लिए 5 हजार रुपए प्रतिमाह तक रोजगार सहायता पांच वर्षों के लिए देने का प्रावधान है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नवा रायपुर का टेक्सटाइल पार्क प्रदेश के युवाओं, विशेषकर महिलाओं के लिए बड़े पैमाने पर स्थानीय रोजगार उपलब्ध कराने का मजबूत माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि सरकार निवेशकों को विश्वस्तरीय अधोसंरचना उपलब्ध कराने के लिए तेजी से काम कर रही है, जिससे प्रदेश के औद्योगिक विकास और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page