G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

भावी पीढ़ी के स्वास्थ्य के लिए जैविक खेती अपनाना जरूरी : रामविचार नेताम

भाटापारा। प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा है कि यदि आने वाली पीढ़ी को स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य देना है तो किसानों को रासायनिक खादों पर निर्भरता कम कर जैविक और प्राकृतिक खेती को अपनाना होगा। वे गुरुवार को भाटापारा में आयोजित जिला स्तरीय तिलहन मेला सह जैविक कृषि कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।

शासकीय गजानन्द अग्रवाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा तथा रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 1 से 30 जून तक देशभर में “खेत चलो अभियान” संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य किसानों को पारंपरिक एवं प्राकृतिक खेती के प्रति प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि अधिक उत्पादन की होड़ में रासायनिक खादों का अंधाधुंध उपयोग बढ़ा है, जिससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति और मानव स्वास्थ्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

उन्होंने किसानों से धान के साथ-साथ पशुपालन, मत्स्य पालन और बकरी पालन को अपनाकर आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करने की अपील की। साथ ही बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत खरीफ सीजन में धान के स्थान पर दलहन एवं तिलहन की खेती करने वाले किसानों को 15 हजार रुपये प्रति एकड़ की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए जैविक खेती सबसे प्रभावी विकल्प है। उन्होंने कहा कि पहले कृषि का आधार पशुधन था, जिससे भूमि और पर्यावरण दोनों सुरक्षित रहते थे, लेकिन रासायनिक खादों के बढ़ते उपयोग से जल, वायु और खाद्य पदार्थ प्रभावित हो रहे हैं।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल तथा पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने भी अपने विचार रखे।

कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। अतिथियों ने 5 किसानों को अरहर बीज किट, 5 किसानों को नैनो यूरिया तथा 2 मछुआ समिति को महाजाल और आइस बॉक्स वितरित किए। वहीं पीएम किसान सम्मान निधि और पीएम आशा योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, जिला पंचायत सीईओ, विभागीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page