छुईखदान में जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव सम्पन्न, नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत

खैरागढ़ : जिले के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, छुईखदान में जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत, शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल उपस्थित रहे। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी मुकुल के.पी. साव एवं समग्र शिक्षा के नोडल अधिकारी आत्माराम साहू भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक नवनीत जैन, संदीप महोबिया, अरविंद शर्मा, ज्ञान यादव, महावीर जैन, रोशन चंद्राकर, एसएमसी अध्यक्ष शीतल जैन, दीपाली सोनी, शुभम विश्वास, जिला पंचायत सदस्य निर्मला विजय वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी, खंड स्रोत समन्वयक, शिक्षकगण, पालकगण तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। अतिथियों ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर आत्मीय स्वागत किया तथा उन्हें शिक्षा के महत्व, नियमित अध्ययन और अनुशासित जीवन के लिए प्रेरित किया। इस दौरान शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होनहार विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान सामग्री प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में शासन की महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत पात्र छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण भी किया गया। साइकिल प्राप्त कर छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। यह पहल छात्राओं की नियमित उपस्थिति बढ़ाने एवं शिक्षा तक उनकी सुगम पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
अपने उद्बोधन में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और लगन से अध्ययन करने की प्रेरणा दी। मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने शासन की विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया। जिला शिक्षा अधिकारी मुकुल के.पी. साव एवं नोडल अधिकारी आत्माराम साहू ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार आधारित शिक्षण तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्राचार्य अनिल पाल का विशेष मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त हुआ। इसके अतिरिक्त सीएसी दयाल बंजारे, केशव साहू, गंगूराम टंडन, दामोदर वर्मा, वीरेंद्र कुर्रे, सीताराम पाल, शाकुन्तला ठाकुर, एकता वर्मा एवं प्रीति नागरे का उल्लेखनीय योगदान रहा।
अंत में विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पालकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगी कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम उत्साह, सहभागिता एवं शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश के साथ संपन्न हुआ तथा उपस्थित सभी लोगों ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं शत-प्रतिशत नामांकन का संकल्प दोहराया।



