G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

कांकेर में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों से बचने की अपील

कोयलीबेड़ा में अस्थायी समस्या के बाद आपूर्ति हुई सामान्य, सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त स्टॉक

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने स्पष्ट किया है कि कांकेर जिले में पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और जिले के सभी क्षेत्रों में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने नागरिकों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

विभागीय जानकारी के अनुसार कांकेर जिले में कुल 51 पेट्रोल पंप संचालित हैं, जिनमें इंडियन ऑयल के 14, हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 21 और भारत पेट्रोलियम के 16 पेट्रोल पंप शामिल हैं। सभी पंपों पर नियमित रूप से पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति जारी है।

अधिकारियों ने बताया कि प्री-मानसून वर्षा के बाद खरीफ सीजन की तैयारियों के चलते कृषि कार्यों में डीजल की मांग बढ़ी है। इसी कारण 23 जून को कोयलीबेड़ा क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप में डीजल का स्टॉक समाप्त होने से अस्थायी स्थिति बनी थी। किसानों और आम उपभोक्ताओं की सुविधा को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था कर निकटवर्ती पेट्रोल पंपों से डीजल उपलब्ध कराया।

वर्तमान में कोयलीबेड़ा क्षेत्र के दोनों पेट्रोल पंपों में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा ईंधन वितरण पूरी तरह सुचारु रूप से संचालित हो रहा है। जिला प्रशासन और राज्य सरकार तेल कंपनियों के साथ लगातार समन्वय बनाकर मांग के अनुरूप आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है।

खाद्य विभाग ने बताया कि कृषि कार्यों के कारण बढ़ी मांग को देखते हुए जिन पेट्रोल पंपों में स्टॉक कम होने की संभावना है, वहां प्राथमिकता के आधार पर अतिरिक्त आपूर्ति भेजने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि जिले में ईंधन का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है और किसानों तथा आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें तथा आवश्यकतानुसार अपने निकटतम पेट्रोल पंप से ईंधन प्राप्त करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page