विद्यालय प्रबंधन समिति के पुनर्गठन हेतु 30 जून को आमसभा आयोजित

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ KCG
गंडई। पीएम श्री स्व. लाल मूरत सिंह खुशरो शासकीय अंग्रेजी/हिन्दी माध्यम विद्यालय, गंडई में विद्यालय प्रबंधन समिति के पुनर्गठन के लिए 30 जून 2026 को प्रातः 11 बजे विद्यालय परिसर में आमसभा आयोजित की जाएगी। बैठक में कक्षा पहली से बारहवीं तक अध्ययनरत अंग्रेजी एवं हिन्दी माध्यम के विद्यार्थियों के सभी पालकों-अभिभावकों सहित पूर्व शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को आमंत्रित किया गया है।
प्राचार्य ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार शाला प्रबंधन एवं विकास समिति का पुनर्गठन कर अब “विद्यालय प्रबंधन समिति” का गठन किया जाएगा। नवीन समिति का कार्यकाल दो वर्ष का रहेगा तथा इसका गठन निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा। समिति गठन की संपूर्ण प्रक्रिया शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा के अंतर्गत पूर्ण कर संबंधित उच्च कार्यालय को जानकारी प्रेषित की जानी है।
विद्यालय प्रबंधन समिति विद्यालय के शैक्षणिक, भौतिक एवं समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। समिति के माध्यम से विद्यालय एवं समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है तथा विद्यार्थियों के हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर निर्णय लिए जाते हैं। इसी उद्देश्य से सभी पालकों एवं अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी अपेक्षित है।
शासन के प्रावधानों के अनुसार नवीन विद्यालय प्रबंधन समिति में न्यूनतम 50 प्रतिशत महिला सदस्यों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाना अनिवार्य है। इसलिए माताओं एवं महिला अभिभावकों से विशेष रूप से बैठक में उपस्थित होकर समिति गठन की प्रक्रिया में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई है। विद्यालय प्रशासन ने सभी पालकों, अभिभावकों एवं पूर्व समिति के सदस्यों से निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर उपस्थित होकर समिति के सफल गठन में सहयोग करने का आग्रह किया है।

