G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhKCGखास-खबर

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिलेभर में हुआ सामूहिक योगाभ्यास, पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो KCG

खैरागढ़ : 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय खैरागढ़ सहित जिले के सभी विकासखंडों में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट कन्या विद्यालय, खैरागढ़ में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, नगर पालिका परिषद खैरागढ़ की अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, जिला पंचायत पूर्व सभापति धम्मन साहू, सांसद प्रतिनिधि भगवत शरण सिंह, डॉ. विशेश्वर साहू, विकेश गुप्ता, तीरथ चंदेल, विनय देवांगन, अनुज देवानंद, विशेषर दास साहू, गोरेलाल वर्मा, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर एवं सुमन राज, डिप्टी कलेक्टर रेणुका रात्रे, एसडीएम खैरागढ़ टांकेश्वर प्रसाद साहू, जिला आयुष अधिकारी डॉ.सुशीला बंजारे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक योगाभ्यास से हुआ। योग प्रशिक्षक एवं व्याख्याता मानस मणि साहू ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। योग सत्र में शिथिलीकरण अभ्यास, स्कंध संचालन, कटि चालन, घुटना संचालन, ताड़ासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन, अर्धउष्ट्रासन, उष्ट्रासन, उत्तान मंडूकासन, वक्रासन, मकरासन, शलभासन, सेतुबंधासन, उत्तानपादासन, अर्धहलासन, पवनमुक्तासन एवं शवासन का अभ्यास कराया गया। साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी प्राणायाम तथा ध्यान का प्रशिक्षण देकर योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी गई। योगाभ्यास के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प कराया गया।

मुख्य अतिथि विधायक ललित चंद्राकर ने अपने उद्बोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति, परंपरा और पहचान का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है और आज पूरा विश्व इसके महत्व को स्वीकार कर रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी साधन भी है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को अनेक बीमारियों और तनाव से दूर रखता है तथा स्वस्थ जीवन की दिशा प्रदान करता है।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि योग भारत की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। योग व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाता है तथा जीवन में अनुशासन और सकारात्मकता लाता है। उन्होंने सभी लोगों से नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि योग भारतीय ज्ञान परंपरा का ऐसा उपहार है, जो संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है। नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है, कार्यक्षमता बढ़ती है और व्यक्ति स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने में सक्षम बनता है। उन्होंने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

योगाभ्यास के उपरांत मुख्य अतिथि, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संकल्प लिया।

जिले के सभी विकासखंडों, शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। विभिन्न स्थानों पर आयोजित योग शिविरों में लोगों ने भाग लेकर स्वस्थ, निरोग एवं सकारात्मक जीवन के लिए नियमित योगाभ्यास करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने उपस्थित सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page