राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान अंतर्गत पंचायत विकास योजना (PDP) पर प्रशिक्षण संपन्न

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो KCG
खैरागढ़ : राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (RGSA) योजना वर्ष 2026-27 के अंतर्गत पंचायत विकास योजना (PDP) एवं 16वें वित्त आयोग के तहत ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) तैयार करने हेतु जनपद पंचायत खैरागढ़ में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में सरपंच, ग्राम पंचायत सचिव, शिक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, रोजगार सहायक एवं मितानीनों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रतिभागियों को ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने की प्रक्रिया, स्थानीय आवश्यकताओं की पहचान, संसाधनों के समुचित उपयोग, जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा 16वें वित्त आयोग से प्राप्त अनुदान राशि के प्रभावी नियोजन संबंधी विषयों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण में ग्राम पंचायत स्तर पर समावेशी एवं आवश्यकता आधारित विकास योजनाएं तैयार करने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रशिक्षकों ने बताया कि ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करते समय शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, पोषण, आधारभूत संरचना तथा आजीविका संवर्धन जैसे विषयों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। साथ ही ग्राम सभा की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से योजनाओं को अंतिम रूप देने पर भी बल दिया गया।
प्रशिक्षण में उपस्थित प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए कहा कि इससे उन्हें ग्राम पंचायत स्तर पर बेहतर विकास योजनाएं तैयार करने में सहायता मिलेगी। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को ग्राम पंचायतों में प्रभावी रूप से लागू करने का संकल्प भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन से पंचायत प्रतिनिधियों एवं मैदानी कार्यकर्ताओं की क्षमता में वृद्धि होने के साथ-साथ ग्राम पंचायतों में गुणवत्तापूर्ण एवं जनहितकारी विकास योजनाओं के निर्माण को नई दिशा मिलेगी।


