सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं यातायात नियमों के पालन हेतु लगातार जागरूकता अभियान जारी

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ KCG
खैरागढ़ : जिला केसीजी पुलिस टीम के द्वारा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव एवं उनमें कमी लाने हेतु लगातार यातायात जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।अभियान के दौरान चौक-चौराहों एवं बाजार क्षेत्रों में आम नागरिकों एवं वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने हेतु समझाइश दी जा रही है। वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने, मोटरसाइकिल चलाते समय हेलमेट पहनने, मालवाहक वाहन में सवारी नहीं बैठाने, बिना नंबर प्लेट वाले वाहन नहीं चलाने, मोटरसाइकिल में तीन सवारी नहीं बैठाने तथा शराब सेवन कर वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी जा रही है। साथ ही वाहन के आवश्यक दस्तावेज जैसे पॉल्यूशन, फिटनेस, बीमा एवं ड्राइविंग लाइसेंस अद्यतन रखने हेतु भी प्रेरित किया जा रहा है।
साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मई माह में अब तक मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रभावी कार्यवाही करते हुए बिना नंबर प्लेट के 115, तीन सवारी के 69, बिना हेलमेट के 15, मालवाहक वाहन में सवारी बैठाने के 05, शराब पीकर वाहन चलाने के 12, प्रेशर हॉर्न के 30 एवं अन्य धाराओं के 122 प्रकरणों सहित कुल 368 प्रकरण दर्ज कर समन शुल्क/अर्थदंड राशि 2,74,300/- रुपए की कार्यवाही की गई है।
शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने वाले चालकों को माननीय न्यायालय खैरागढ़ में प्रस्तुत किया जा रहा है तथा प्रकरणों के निराकरण उपरांत उनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन हेतु संबंधित परिवहन विभाग को प्रेषित किया जा रहा है। मालवाहक वाहनों में सवारी परिवहन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी लाइसेंस निलंबन की कार्यवाही लगातार जारी है।यातायात पुलिस जिला केसीजी जनमानस की सुरक्षा एवं लोक कल्याणकारी कार्यों के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।


