अवैध उर्वरक भंडारण पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, 600 बोरी खाद जब्त

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
खैरागढ़ : आगामी खरीफ सीजन में किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद, बीज एवं कीटनाशक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा जिलेभर में लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में मंगलवार को जिले के विभिन्न कृषि केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान विकासखंड खैरागढ़ के ग्राम सिंघौरी में अवैध रूप से उर्वरक भंडारण का मामला सामने आया। जांच में मोतीपाल के गोदाम में सफेद प्लास्टिक बोरियों में बिना नाम, कंपनी एवं बैच नंबर का उर्वरक भंडारित पाया गया। कृषि विभाग की टीम ने मौके से उर्वरक का नमूना लिया तथा गोदाम को सीलबंद कर जब्ती की कार्रवाई की। मौके पर लगभग 600 सफेद प्लास्टिक बोरी उर्वरक पाए गए।
सहायक संचालक कृषि लुकमान साहू के नेतृत्व में टीम द्वारा उर्वरक नियंत्रण आदेश के उल्लंघन पर संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।


